टीआरपी डेस्क। IND vs SA 4th T-20 : भारत और साउथ अफ्रीका के बीच जारी पांच मैचों की टी-20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला 7 बजे शुरू होगा। टीम इंडिया इस समय सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाए हुए है और इस मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करने का मौका होगा।

सीरीज की शुरुआत भारत ने धमाकेदार अंदाज में की थी, जहां पहले मैच में टीम ने 101 रन की बड़ी जीत दर्ज की। इसके बाद साउथ अफ्रीका ने मुल्लांपुर में खेले गए दूसरे मुकाबले में 51 रन से जीत हासिल कर बराबरी की, लेकिन तीसरे टी-20 में धर्मशाला की पिच पर भारत ने 7 विकेट से जीत दर्ज करते हुए फिर से बढ़त बना ली।

लखनऊ का इकाना स्टेडियम टीम इंडिया के लिए अब तक बेहद लकी साबित हुआ है। यहां खेले गए तीनों टी-20 मुकाबलों में भारत को जीत मिली है। इस मैदान पर आखिरी बार भारत ने 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 मैच खेला था, जिसमें टीम ने 6 विकेट से जीत हासिल की थी।

See also  Hangzhou Asian Games 2023: तीसरे दिन खुला भारत का खाता, नेहा ठाकुर ने देश को दिलाया सिल्वर मेडल,भारत मेंस हॉकी टीम की सिंगापुर पर जीत

हालांकि सीरीज में अब तक कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान शुभमन गिल अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। गिल का इस सीरीज में अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर धर्मशाला में बनाए गए 28 रन हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव तीन मैचों में क्रमशः 12, 5 और 12 रन ही बना सके हैं। ऐसे में इकाना स्टेडियम में दोनों बल्लेबाजों से बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब तक कुल 34 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 20 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि साउथ अफ्रीका को 13 मैचों में सफलता मिली है। एक मुकाबला बेनतीजा रहा है।

टीम इंडिया को इस मुकाबले से पहले एक झटका लगा है। ऑलराउंडर अक्षर पटेल बीमारी के चलते सीरीज के आखिरी दो मैचों से बाहर हो गए हैं। वह तीसरा टी-20 भी नहीं खेल पाए थे। बीसीसीआई ने उनकी जगह लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर शाहबाज अहमद को टीम में शामिल किया है।

See also  IPL 2025 Mega Auction: 13 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी बने सबसे युवा खिलाड़ी, नीलामी की अंतिम सूची में 574 नाम शामिल

सीरीज में भारत की ओर से तिलक वर्मा सबसे प्रभावशाली बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने तीन मैचों में 114 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। वहीं गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन मुकाबलों में 6 विकेट झटके हैं।