गरियाबंद। ओपेरा के नाम से आयोजित कार्यक्रम में अश्लील डांस मामले में पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी के खिलाफ सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता फैलाने और शांति भंग करने के तहत कार्रवाई हुई है। वहीं, डांसर पर नोट उड़ाने वाले एसडीएम को हटा दिया गया है। साथ ही जांच भी शुरू कर दी गई है।
जिले के देवभोग क्षेत्र में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में ओडिसा से महिला डांसर्स बुलाई गई थी। आयोजन के नाम पर महिला डांसर ने बेहद ही आपत्तिजनक अश्लील डांस किया। इतना ही नहीं मैनपुर एसडीएम तुलसी दास मरकाम महिला के डांस पर नोट उड़ाते हुए ठुमके लगाते नजर आये। यही नहीं SDM ने मोबाइल से अश्लील डांस का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
अश्लील डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार्यक्रम का जमकर विरोध हुआ। लोग वीडियो को शेयर करते हुये एसडीएम व क्षेत्र की पुलिस पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा हैं कि प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस की मौजूदगी में ऐसे अश्लील कार्यक्रम को कैसे होने दिया गया?


