टीआरपी डेस्क। Petrol Price Hike in India Today: पश्चिम एशिया में छिड़ी जंग का असर अब भारतीय उपभोक्ताओं की जेब पर दिखने लगा है। देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर, नायरा एनर्जी (Nayara Energy) ने आज गुरुवार (26 मार्च 2026) को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, कंपनी ने पेट्रोल के दाम में ₹5 प्रति लीटर और डीजल में ₹3 प्रति लीटर का इजाफा किया है।

दरअसल, 28 फरवरी से अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए सैन्य हमलों के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में करीब 50% का उछाल आया है। इसी इनपुट लागत को कवर करने के लिए निजी कंपनियों ने यह कदम उठाया है।

आपके शहर में अलग हो सकते हैं दाम

गौरतलब है कि स्थानीय टैक्स और VAT (वैट) के कारण अलग-अलग राज्यों में कीमतों में अंतर हो सकता है। कुछ शहरों में तो पेट्रोल की कीमतों में ₹5.30 तक की बढ़ोतरी देखी गई है। फिलहाल सरकारी तेल कंपनियां (IOC, HPCL, BPCL) कीमतों को स्थिर रखे हुए हैं, लेकिन निजी पंपों पर तेल डलवाना अब महंगा पड़ेगा।

See also  राजस्थान में सत्ता को लेकर गहलोत और पायलट बीच उठा सियासी तूफान 

क्यों बढ़ी कीमतें?

ईरान-इजरायल युद्ध की वजह से सप्लाई चेन पूरी तरह बाधित हो गई है। भारत अपनी जरूरत का 88% कच्चा तेल आयात करता है, जिसका बड़ा हिस्सा हॉर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते से आता है जो अब असुरक्षित हो गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें $119 प्रति बैरल तक जा पहुंची हैं।

जिओ-बीपी (Jio-bp) का क्या है हाल?

सूत्रों ने बताया कि रिलायंस इंडस्ट्रीज और बीपी के संयुक्त उपक्रम जिओ-बीपी ने फिलहाल कीमतें नहीं बढ़ाई हैं, हालांकि वे भारी घाटे में चल रहे हैं। वहीं, दिल्ली जैसे शहरों में सामान्य पेट्रोल अभी भी ₹94.77 और डीजल ₹87.67 पर बना हुआ है, लेकिन नायरा के पंपों पर जाने वाले ग्राहकों को अब जेब ज्यादा ढीली करनी होगी।