रायपुर। राजधानी में एक बार फिर सफाई व्यवस्था ठप हो गई है। इस बार सफाई ठेकेदारों ने काम बंद कर दिया है। आरोप है कि नगर निगम ने कई महीनों से भुगतान नहीं किया है। सभी ठेकेदार और उनके कामगार जयस्तंभ चौक पर एकत्र होकर विरोध दर्ज करा रहे हैं।
अल्टिमेटम की अनदेखी का आरोप
ठेकेदारों का कहना है कि उन्होंने निगम प्रशासन को भुगतान के लिए अल्टिमेटम दिया था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मजबूरन पूरे शहर में सफाई का काम रोकना पड़ा।
रामकी कंपनी का भी 78 करोड़ बकाया
निगम ने रामकी कंपनी को भी कई महीनों का भुगतान नहीं किया है। कंपनी का करीब 78 करोड़ रु. बकाया बताया जा रहा है। इससे डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन और नालियों की सफाई प्रभावित हो रही है।
कांग्रेस का हमला: ‘आपदा में अवसर’
बता दें कि एक दिन पहले ही निगम ने यूजर चार्ज बढ़ाया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार मेनन ने वीडियो बयान में सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “आपदा में अवसर ढूंढ रही सरकार। न सफाई हो रही, न कचरा उठ रहा, न नालियां साफ हो रही हैं। लेकिन यूजर चार्ज के नाम पर जनता से वसूली जारी है।”
सड़क पर झाड़ू लगाकर विरोध
मेनन ने कहा कि सुबह 11:30 बजे से शासकीय गजट आदेश की प्रतियां जलाकर और सड़क पर झाड़ू लगाकर नई वसूली का विरोध किया जाएगा। उनका आरोप है कि महापौर, सांसद और विधायक “निद्रा में” हैं, पार्षद “वसूली में मस्त” हैं और जनता परेशान है।
जयस्तंभ चौक पर जुटे ठेकेदार-कर्मचारी
कम बंद करने के चलते पूरे शहर की सफाई व्यवस्था ठप है। जयस्तंभ चौक पर सभी ठेकेदार कर्मचारियों के साथ विरोध में खड़े हैं। ठेकेदारों ने साफ कहा कि जब तक बकाया भुगतान नहीं मिलता, काम शुरू नहीं होगा।



