रायपुर। अभनपुर में कांग्रेस के 10 दिवसीय ट्रेनिंग कैंप पर घमासान छिड़ गया है। बीजेपी ने कांग्रेस की रणनीति पर सवाल उठाए तो सचिन पायलट ने बीजेपी की अंदरूनी खींचतान पर बड़ा हमला बोला है।

अभनपुर के इस प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों को पार्टी की विचारधारा और भविष्य की रणनीति समझाई जा रही है। लेकिन, जैसे ही यह खबर बाहर आई, बीजेपी हमलावर हो गई है। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने इसे कांग्रेस की हताशा करार दिया है।

क्या बोले केदार कश्यप?

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने सीधा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी पुरानी विचारधारा पूरी तरह भूल चुकी है। केदार कश्यप ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने जिलाध्यक्षों को ही बताना पड़ रहा है कि पार्टी की आइडियोलॉजी क्या है। जिन्हें खुद ही विचारधारा नहीं पता, उन्हें पद पर किसने बैठाया? कश्यप का आरोप है कि कांग्रेस अब सिर्फ गुटबाजी और तुष्टिकरण की राजनीति में उलझकर रह गई है।

See also  SUSPENDED : रिश्वत लेते VIDEO वायरल होने के बाद जनपद पंचायत के बाबू पर गिरी गाज

सचिन पायलट का पलटवार

बीजेपी के इस तंज पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट चुप नहीं रहे। उन्होंने बीजेपी को आईना दिखाते हुए कहा कि बीजेपी नेताओं को कांग्रेस की चिंता छोड़कर अपने घर की फिक्र करनी चाहिए। उनकी सरकार में रोज कुर्सी को लेकर खींचतान मची है, इस पर ध्यान दें।

पायलट ने साफ किया कि इस ट्रेनिंग का मकसद बीजेपी के षड्यंत्रों का पर्दाफाश करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर जिला अध्यक्ष अब सरकारी वादों की पोल खोलने की ट्रेनिंग ले रहा है।

अब क्या होगा कांग्रेस का अगला कदम?

सचिन पायलट ने तल्ख लहजे में कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार दिल्ली के इशारों पर नाच रही है। कांग्रेस अब जिला स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। पायलट के मुताबिक प्रदेश के 14वें जिले में यह ट्रेनिंग कैंप चल रहा है। बूथ लेवल तक कमेटियां बनाकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा। छत्तीसगढ़ के संसाधनों को निजी हाथों में सौंपने के खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी। चुनाव भले ही ढाई साल दूर हों, लेकिन कांग्रेस अभी से जमीन तैयार करने में जुट गई है।

See also  काम की खबर: 31 जनवरी को बंद हो जाएंगी LIC की जीवन आनंद सहित 23 पॉलिसियां, जानिए नफा या नुकसान