CG News: जगदलपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहकारिता मंत्रालय के पांच साल पूरे होने पर 29 जून से 6 जुलाई तक प्रदेशभर में (Cooperative Week in Chhattisgarh) सहकारिता सप्ताह-2026 मनाया जाएगा। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर में मीडिया को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सप्ताह के दौरान राज्यभर में कई गतिविधियां होंगी, जबकि 3 और 4 जुलाई को रायपुर में राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर और सहकार मेला आयोजित होगा।
CG News: सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि सहकारिता सप्ताह के तहत प्रदेश के सभी जिलों, विकासखंडों और प्राथमिक सहकारी समितियों में कार्यक्रम होंगे। किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, दुग्ध उत्पादकों, मत्स्य पालकों, बुनकरों, लघु वनोपज संग्राहकों और ग्रामीण उद्यमियों को सहकारिता से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।
CG News: प्रदेशभर में होंगे कई कार्यक्रम
मंत्री ने बताया कि 2573 प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) सहित अन्य सहकारी संस्थाओं में ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान, किसान क्रेडिट कार्ड और रू-पे केसीसी कार्ड वितरण, माइक्रो एटीएम सुविधा, सहकार दौड़, वृक्षारोपण, मृदा परीक्षण, किसान संगोष्ठी और एफपीओ की भूमिका पर चर्चा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
CG News: रायपुर में होगा राज्य स्तरीय आयोजन
3 और 4 जुलाई को रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर, सहकार मेला, अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस समारोह और संगोष्ठी आयोजित होगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे। इसमें नाबार्ड, एनसीडीसी, नैफेड, इफको, कृभको, सीएससी समेत कई राष्ट्रीय संस्थाएं भी भाग लेंगी।
CG News: सफल मॉडल और डिजिटल सेवाओं का प्रदर्शन
सहकार मेले में सहकारी समितियों के सफल मॉडल, महिला समूहों की उपलब्धियां, किसानों की सफलता की कहानियां, डिजिटल सेवाएं, आधुनिक तकनीक और मूल्य संवर्धन से जुड़े मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। उद्देश्य सहकारिता के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों को सामने लाना है।
CG News: 9 पैक्स में गोदाम निर्माण का होगा भूमिपूजन
मंत्री ने बताया कि 6 जुलाई को सहकारिता सप्ताह के समापन अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री की मौजूदगी में विश्व की सबसे बड़ी विकेंद्रीकृत अन्न भंडारण योजना के तहत छत्तीसगढ़ की 9 पैक्स समितियों में गोदाम निर्माण का भूमिपूजन किया जाएगा।



