रायपुर। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनी सड़क के धंसने के मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने कड़ी कार्रवाई की है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने कबीरधाम के बोड़ला में दलदली मेन रोड का निरीक्षण कर AE और DE को निलंबित कर दिया। संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
क्षमता से 6 गुना ज्यादा वजन वाले वाहन थे जिम्मेदार
सचिव भीम सिंह ने मौके पर कोर कटिंग कराकर सड़क की गुणवत्ता जांची। जांच में सामने आया कि सड़क की ज्यादातर गुणवत्ता मानकों के अनुरूप थी, लेकिन नुकसान का मुख्य कारण ओवरलोडेड वाहन और शोल्डर निर्माण में खामियां हैं।
जिस सड़क पर 10-12 टन क्षमता के वाहनों की अनुमति थी, वहां 60-70 टन रेत से लदे भारी वाहन लगातार चल रहे थे। इससे सड़क कई जगह धंस गई।

2 इंजीनियर सस्पेंड, EE पर भी होगी कार्रवाई
निर्माण कार्य की निगरानी में लापरवाही पर सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे. रितेश नायडू को तत्काल निलंबित किया गया है।
उधर कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार ठाकुर के निलंबन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
क्षतिग्रस्त सड़क दोबारा बनेगी
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि धंसे हुए हिस्से को पूरी तरह उखाड़कर दोबारा गुणवत्ता के साथ बनाया जाए। पूरी सड़क के शोल्डर को भी तकनीकी मानकों के अनुसार मजबूत किया जाएगा।
तकनीकी जांच में शोल्डर का कॉम्पैक्शन 100% की जगह 94.68% से 95% मिला। एक पुलिया की बैकफिलिंग भी मानक के अनुसार नहीं थी। बारिश का पानी शोल्डर से होकर नीचे पहुंचने से सड़क अंदर से कमजोर हुई।
भारी वाहनों पर लगेगा प्रतिबंध
सचिव ने कहा कि जनमन योजना की सड़कों पर क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों पर रोक लगेगी। इसके लिए परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग मिलकर कार्रवाई करेंगे ताकि सरकारी निर्माण को नुकसान न हो।


