PM Rashtriya Bal Puraskar: देश के होनहार और प्रतिभाशाली बच्चों की असाधारण उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रदेश के बच्चों, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से 31 जुलाई 2026 तक अधिक से अधिक आवेदन करने की अपील की है।
सम्मान बच्चों का मनोबल बढ़ाएगा
यह पुरस्कार छत्तीसगढ़ के उन प्रतिभावान बच्चों के लिए एक बड़ा अवसर है, जिन्होंने साहस, नवाचार, खेल या सामाजिक सेवा में अपनी पहचान बनाई है। राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान न केवल बच्चों का मनोबल बढ़ाएगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभा को देश के सामने एक प्रेरणा के रूप में प्रस्तुत करेगा।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार को भारत का सर्वोच्च बाल सम्मान माना जाता है। यह पुरस्कार उन बच्चों को दिया जाता है जिन्होंने वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति, तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। इस प्रतिष्ठित सम्मान को भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाता है, जो बच्चों के लिए एक जीवनभर की उपलब्धि है।
पात्रता 5 से 18 वर्ष
पात्रता के अनुसार, 5 से 18 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चे इस सम्मान के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है, जिसे राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर पूरा किया जा सकता है। इसमें बच्चा स्वयं भी आवेदन कर सकता है, साथ ही स्कूल, अभिभावक या कोई सामाजिक संस्था भी योग्य बच्चों को नामांकित कर सकती है।
राज्य शासन ने प्रदेश के सभी स्कूलों और सामाजिक संगठनों से आग्रह किया है कि वे अपने आसपास की प्रतिभाओं को खोजें और इस अवसर का लाभ उठाने में उनकी मदद करें। समय-सीमा समाप्त होने के बाद प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग की जाएगी और योग्य उम्मीदवारों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कार की खास बातें
1 – क्या है प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बल पुरस्कार योजना
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार उन प्रतिभावान बच्चों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने किसी की जान बचाने के लिए सााहसिक कार्य किया हो, अथवा देशहित के लिए कोई अनोखा कार्य किया हो। किसी तरह का नवाचार, खेल या सामाजिक सेवा में अपनी विशेष पहचान बनाई हो।
2 – कब तक आवेदन किया जा सकता है।
पुरस्कार के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है।
3 – किस उम्र तक के बच्चों को यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है।
पुरस्कार के लिए पात्रता उम्र 5 से 18 वर्ष तक की है, यानी नाबालिग बच्चे ही यह पुरस्कार प्राप्त कर सकते हैं, इसीलिए इस पुरस्कार का नाम बाल पुरस्कार रखा गया है।
4 – आवेदन कहां किया जा सकता है।
आवेदन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर (awards.gov.in) आवेदन कर सकते हैं।
5 – पुरस्कार की कैटेगरी क्या है।
किसी भी तरह का वीरतापूर्ण कार्य करने वाले बच्चों को अथवा खेल, कला, नवाचार, साामाजिक सेवा में कार्य करने वाले प्रतिभावान बच्चों को बाल पुरस्कार दिया जाता है।
पुरस्कार क्षेत्ररू वीरता, सामाजिक सेवा, खेल, कला, नवाचार आदि।


