Tempsens Instruments Share: टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स के शेयरों ने 28 अगस्त 2026 को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की। कंपनी के शेयर BSE पर ₹631.20 और NSE पर ₹634 पर लिस्ट हुए। यानी ₹300 के इश्यू प्राइस के मुकाबले निवेशकों को लिस्टिंग पर करीब 110-111 फीसदी का फायदा मिला। हालांकि, लिस्टिंग के बाद प्रॉफिट बुकिंग शुरू हुई और शेयर गिरकर करीब ₹592 पर कारोबार करते नजर आए।
GMP के अनुमान के मुताबिक हुई लिस्टिंग
टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स के IPO को लेकर ग्रे मार्केट में भी मजबूत उत्साह था। शुक्रवार सुबह कंपनी के शेयर का GMP ₹330 था। इसके आधार पर करीब ₹630 की लिस्टिंग का अनुमान लगाया जा रहा था। वास्तविक लिस्टिंग भी इसी के आसपास रही।
184 गुना सब्सक्राइब हुआ था IPO
टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स का IPO 20 अगस्त को खुला था और 24 अगस्त को बंद हुआ। इस दौरान इश्यू को कुल 184 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। शेयरों का अलॉटमेंट 25 अगस्त को हुआ, जबकि कंपनी के शेयरों की बाजार में लिस्टिंग 28 अगस्त को हुई। IPO में 31,66,666 शेयरों का फ्रेश इश्यू शामिल था। इसके अलावा ₹555 करोड़ के 1,85,00,000 शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) भी था।
2900 करोड़ रुपये के पार पहुंचा मार्केट कैप
शानदार लिस्टिंग के बाद कंपनी का मार्केट कैप ₹2,908 करोड़ से ज्यादा हो गया। टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स थर्मल इंजीनियरिंग और स्पेशलाइज्ड केबल्स के कारोबार से जुड़ी कंपनी है। यह कस्टमाइज्ड तापमान-सेंसिंग सॉल्यूशन, इलेक्ट्रिकल हीटिंग सॉल्यूशन और विशेष केबल डिजाइन व मैन्युफैक्चरिंग करती है।
IPO से मिले पैसे का क्या करेगी कंपनी?
कंपनी IPO से मिलने वाली नेट रकम का इस्तेमाल इलेक्ट्रिकल हीटिंग सॉल्यूशंस और स्पेशलाइज्ड केबल सॉल्यूशंस के लिए कैपिटल एक्सपेंडिचर में करना चाहती है। इसके अलावा रकम का एक हिस्सा बकाया कर्ज चुकाने और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।


