Home Loan Scam: उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा और बलरामपुर में शिक्षकों और अन्य कर्मियों को कर्ज के जाल में फंसाकर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ में एक और FIR दर्ज हुई है। एक शिक्षक ने होम लोन के एवज में 32 लाख 52 हजार रुपये ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले का एक आरोपी आज पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। 

होम लोन दिलाने के नाम पर इस गिरोह ने सरगुजा और बलरामपुर के करीब 200 शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों को ठगी का शिकार बनाया है। ठग एक संस्था रजिस्टर्ड कर लोगों को झांसा देते थे। लोन की 30 से 40 प्रतिशत रकम पीड़ित को दे देते थे और किस्त जमा करने का झांसा देकर बाकी 60 प्रतिशत रकम अपने अकाउंट में जमा करा लेते थे। साथ ही शिक्षकों के नाम से उनकी जानकारी के बगैर पर्सनल लोन भी निकलवा लिए।

दूसरे शिक्षक के कहने पर फंसा जाल में

शंकरगढ़ के शिक्षक फूलचंद मिंज ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार शिवशंकर दास निवासी कोतरी-धौरपुर, दीपक कुमार टोप्पो निवासी बचवार और श्रवण कुमार निवासी शंकरगढ़ ने बैंक कर्मचारियों से मिलीभगत कर उसके नाम से लोन लिया और 60 प्रतिशत राशि यानी 32 लाख 52 हजार रुपये ले लिए।

See also  CG High Court: 60 दिन में फैसला देने का आदेश, फिर भी नहीं मिला पेंशन लाभ; हाई कोर्ट ने कलेक्टर से पूछा- क्यों न हो कार्रवाई?

फूलचंद मिंज ने बताया कि जून 2024 में ग्राम हर्राटोली के शिक्षक महेश टोप्पो ने अपने स्कूल बुलाकर स्कीम के बारे में बताया था। उसने कहा कि उसके नाम से पांच बैंकों से लोन लिया गया है, 60 प्रतिशत राशि आरोपियों ने ली है और वे पूरी किस्त चुका रहे हैं।

लोन निकाल कर खातों में करवाया ट्रांसफर 

इसके बाद दीपक टोप्पो और श्रवण कुमार उसे अपनी गाड़ी से अंबिकापुर लेकर गए और शिवशंकर दास से मिलवाया। शिवशंकर ने झांसा दिया कि वे 60 प्रतिशत रकम शेयर बाजार में लगाते हैं और हितग्राहियों की किस्त चुकाते हैं। झांसे में आकर फूलचंद ने ग्रामीण बैंक शाखा कमारी से 20 लाख और सेंट्रल बैंक से 20 लाख का लोन निकलवाया, जिसे आरोपियों ने अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिया।

आरोपी फरवरी 2026 तक EMI जमा करते रहे, उसके बाद बंद कर दिया। तीन माह पूर्व शिवशंकर दास गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।

See also  परिजनों के खाते में जमा किए नगर निगम के पौन करोड़ रु, दो कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज

एक दर्जन से ज्यादा शिक्षक शिकार

फूलचंद ने बताया कि डीपाडीहकला की अंजू बघेल, कोठली के पूरन राम, उदरसई के जमुना राम, टिकनी के दिलीप कुजूर, बचवार की संगीता, प्रेमलता एक्का, लड्डुवा के मनोज बेक, बचवार की क्लारा बेक, पहरी के केशव प्रसाद पैकरा, पतराटोली के हरिशचन्द्र वासुदेव, कुसमी के दिनेश कुमार सोनवानी सहित कई अन्य शिक्षकों से भी लाखों की ठगी की गई है।

मुख्य आरोपी जेल में, एक अन्य हुआ गिरफ्तार 

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी शिवशंकर दास पहले बरियों क्रशर का काम करता था। उसने सोसायटी रजिस्टर्ड कराकर करोड़ों की ठगी की। अंबिकापुर की गांधीनगर पुलिस ने मई में उसे गिरफ्तार किया था, उस पर 9 करोड़ की ठगी की शिकायत दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण की विवेचना दौरान आरोपी श्रवण कुमार पिता स्व. केन्दा खाखा जाति उरॉव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। प्रकरण में मामले के 02 मुख्य आरोपियों को थाना गांधीनगर, जिला सरगुजा एवं कोन्डागांव व नारायणपुर के मामले में पूर्व में गिरफ्तार किया गया था, जो वर्तमान में जेल में निरूद्ध हैं। मामले के सभी पहलुओं की विवेचना जारी है, विवेचना दौरान आए तथ्यों के अनुरूप मामले में अन्य आरोपियों के गिरफ्तारी की कार्यवाही की जावेगी।

See also  Big Breaking: छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों को सप्ताह में अब 5 दिन की ड्यूटी

FAQ: होम लोन के नाम पर फ्रॉड 

सवाल 1. ताजा FIR कहां दर्ज हुई है?

जवाब: बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाने में, 32.52 लाख की ठगी पर।

सवाल 2. ठगी का तरीका क्या था?

जवाब: होम लोन का 60% आरोपी रख लेते थे और EMI भरने का झांसा देते थे, साथ ही बिना जानकारी पर्सनल लोन भी निकाल लेते थे।

सवाल 3. कितने शिक्षक शिकार हुए हैं?

जवाब: करीब 200 शिक्षक और कर्मचारी, इस FIR में एक दर्जन से ज्यादा नाम सामने आए हैं।

सवाल 4. मुख्य आरोपी कौन है?

जवाब: शिवशंकर दास, जो पहले क्रशर का काम करता था, उसे गांधीनगर पुलिस ने मई में गिरफ्तार किया था।