दुर्ग-भिलाई में मिले रायपुर जिले से अधिक नये कोरोना संक्रमित, एक दिन में 135 पॉजिटिव मिले
दुर्ग-भिलाई में मिले रायपुर जिले से अधिक नये कोरोना संक्रमित, एक दिन में 135 पॉजिटिव मिले

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दो जिलों रायपुर और दुर्ग में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। अब तक रायपुर से ही कोरोना संक्रमित सबसे ज्यादा मिल रहे थे। मगर रविवार को जारी स्वास्थ्य विभाग के आकड़ों के अनुसार दुर्ग जिले में नये संक्रमितों की संख्या रायपुर के संक्रमितों से अधिक हो गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने रविवार रात जो आंकड़े जारी किये उनके मुताबिक 24 घंटों में प्रदेश में 475 नये संक्रमित मरीज मिले। 129 लोगों को इलाज के बाद होम आइसोलेशन और अस्पताल से छुट्‌टी मिली। वहीं 4 मरीजों की मौत हो गई। इनको मिलाकर प्रदेश में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 4006 हो गई है। अकेले रायपुर जिले में 133 नये मरीजों में कोरोना संक्रमण का पता चला है। रायपुर में अभी 1138 मरीज सक्रिय हैं। इसी 24 घंटे के दौरान दुर्ग जिले में 135 नये कोरोना संक्रमितों का पता चला है। वहां भी इलाज के दौरान एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हुई है। अभी दुर्ग जिले में 995 सक्रिय मरीज अस्पतालों और होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे हैं।

See also  पत्नी को मंदिर भेज सब इंस्पेक्टर ने की आत्महत्या, जवान बेटे की मौत से थे सदमे में

एक सप्ताह में फिर गहराया संकट

छत्तीसगढ़ में कोरोना का पहला मरीज 18 मार्च 2020 को रायपुर में मिला था। अक्टूबर-नवम्बर में यह पीक पर था। जनवरी 2021 में संक्रमण की रफ्तार कम होने लगी थी। लोगों को राहत मिली। लेकिन मार्च के पहले सप्ताह से संक्रमण की रफ्तार फिर बढ़ने लगी है। बीते एक सप्ताह से यह संकट और गहराया है। 13 मार्च को 543 नये मरीज मिले। 12 मार्च को 447, 11 मार्च को 378, 10 मार्च को 456, 9 मार्च को 390 और 8 मार्च को 320 नये मरीज मिले थे। बता दें कि शनिवार को रायपुर जिले से ही 206 नये कोरोना संक्रमित मिले थे। यह आंकड़ा पिछले दो महीनों का सर्वाधिक है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर…