लातेहार। झारखंड में लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत तोरीसोत गांव में शनिवार रात नक्सलियों का उत्पात एक बार फिर से देखने को मिला है। यहां खनिज सर्वे करने वाली कंपनी सीएमपीडीआई के साइट पर हमला कर दो ड्रिलिंग मशीन सहित आठ मशीनों में नक्सलियों ने आग लगा दी।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की टीम

घटना की जानकारी मिलने के बाद लातेहार एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर बालूमाथ डीएसपी विनोद रवानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और जांच शुरू की। हालांकि इस घटना में सभी वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। पुलिस की टीम ने पूरे इलाके को सील कर छापेमारी भी आरंभ कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस प्रकार से घटना को अंजाम दिया गया है, इसमें माओवादी संगठन का हाथ हो सकता है। फिलहाल पुलिस की ओर से भी इस संबंध में कुछ विशेष जानकारी नहीं दी गई है।

See also  बीजापुर के जीड़पल्ली पुलिस बेस कैंप पर नक्सलियों का हमला, 3 तीन दिन में दूसरा हमला

कोयला खनन के लिए हो रह है सर्वे

दरसल CMPDI कंपनी की ओर से क्षेत्र में कोयले का सर्वे किया जा रहा है। इसी बीच शनिवार देर रात हथियारबंद नक्सली साइट पर पहुंचे और वहां फायरिंग करते हुए गाड़ियों में आग लगा दी। नक्सलियों ने यहां दो ड्रिलिंग मशीन, दो कार, दो पिकअप तथा दो ट्रक में आग लगा दी। लगभग 1 घंटे तक हंगामा करने के बाद नक्सली वहां से चले गए।

लातेहार इलाके में कई नक्सली संगठन सक्रिय

लातेहार जिले में भाकपा माओवादी, टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी), झारखंड जनसंघर्ष जनमुक्ति मोर्चा सहित कई नक्सली संगठन सक्रिय हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात में इनमें से किसी एक संगठन का हाथ है।

सड़क निर्माण में लगे मुंशी की कर दी थी हत्या

गौरतलब है कि इससे पहले बीते बुधवार की रात भी लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओर सापाठ गांव में नक्सलियों ने सड़क निर्माण साइट पर हमला कर दो वाहनों को फूंक दिया था और वहां काम करने वाले मुंशी अयूब खान नामक एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

See also  Jammu Kashmir: मतगणना से पहले पुलवामा में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी, 2 आतंकी छिपे के होने की आशंका