टीआरपी डेस्क सीरिया की राजधानी दमिश्क एक बार फिर युद्ध की आग में झुलस उठी है। इज़राइल ने दमिश्क पर जोरदार हवाई हमला किया, जिसकी लाइव झलकियां टीवी पर प्रसारित हो रहीं थीं। हमले के दौरान चारों ओर धुएं का गुबार छा गया और स्टूडियो में मौजूद टीवी एंकर को लाइव शो बीच में छोड़कर भागना पड़ा।

ड्रूज़ समुदाय की सुरक्षा को लेकर इज़राइल का हमला

इज़रइल की सेना ने यह हमला सीरिया के दक्षिणी हिस्से में ड्रूज़ समुदाय पर हो रहे हमलों के जवाब में किया है। इज़राइल का आरोप है कि सीरियाई सरकार की सेना ड्रूज़ आबादी पर हमले कर रही है। जिसे लेकर इज़राइल में रह रहे ड्रूज़ नागरिकों ने अपनी सरकार से हस्तक्षेप की मांग की थी। इसी के चलते इज़राइल ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि, “यदि सीरियाई सेना ड्रूज़ पर हमला जारी रखती है, तो हम उन्हें तबाह कर देंगे।”

सीरियाई सेना और ड्रूज़ लड़ाकों में टकराव

सोमवार को सीरिया की सरकार ने दक्षिणी शहर स्वेइदा में अपनी सेना भेजी थी, जिससे ड्रूज़ और बेदुईन कबीलों के बीच हो रही झड़पों को रोका जा सके। लेकिन सीरियाई सेना की खुद ड्रूज़ लड़ाकों से मुठभेड़ हो गई, जिससे हालात और बिगड़ गए। इस पर एक ड्रूज़ धार्मिक नेता ने मंगलवार को कहा, “हमारी कौम पर सरकार की तरफ से बर्बर हमला किया जा रहा है।”

See also  नापाक पाक को मिली सजा: टमाटर 300 तो अदरक मिल रहा है 500 रुपए किलो

इज़राइल की रणनीति और सैन्य कार्रवाई

इज़राइल ने सीरियाई सरकार से दक्षिण सीरिया से सेना हटाने की मांग की है और कहा है कि, ड्रूज़ लोगों की सुरक्षा करना इज़राइल का नैतिक दायित्व है। इज़राइली सेना गोलन हाइट्स से लगे क्षेत्रों में तैनात है और किसी भी संभावित खतरे पर तत्काल कार्रवाई करेगी। रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ ने बुधवार को कहा: “जब तक सीरियाई सेना इलाके से पीछे नहीं हटती, हम हमले जारी रखेंगे। यदि उन्होंने समझदारी नहीं दिखाई, तो शासन के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करेंगे।”

इज़राइल प्रधानमंत्री का बड़ा बयान

इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार रात राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा, “हम दक्षिण-पश्चिमी सीरिया को अपनी सीमा पर एक असैन्य क्षेत्र के रूप में संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। स्थानीय ड्रूज़ समुदाय की सुरक्षा हमारा दायित्व है।”

बेहद तनावपूर्ण है स्थिति

दमिश्क में हुए इज़राइली हमले ने क्षेत्र में नए युद्ध का खतरा पैदा कर दिया है। सीरिया सरकार ने हमलों को “सीरियाई संप्रभुता का उल्लंघन” बताया है और इज़राइल को इसके गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। इस बीच, UN और अन्य वैश्विक संगठन स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं।

See also  Coronavirus India Update: भारत में सक्रिय मामले 1 मिलियन के पार, पिछले 24 घंटे में 97,894 नए रिकॉर्ड

दमिश्क पर हुए ताजा इज़रायली हमले ने एक बार फिर मध्य पूर्व की शांति और स्थिरता पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। ड्रूज़ समुदाय की सुरक्षा के नाम पर की जा रही सैन्य कार्रवाई सीरिया-इज़रायल तनाव को नए मोड़ पर ले जा रही है। फलहाल स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है और आगे की परिस्थितियां और बिगड़ने की संभावना है।