रायपुर। छत्तीसगढ़ में महादेव बेटिंग ऐप को लेकर एक बार फिर सियासत शुरू हो गई है। इस बार पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सोशल मिडिया पर महादेव बेटिंग ऐप वाले विज्ञापन शेयर कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है.

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सोशल मिडिया अकाउंट X पर महादेव बेटिंग ऐप वाले विज्ञापन शेयर करते हुए लिखा है कि- लीजिए जी! ईडी/सीबीआई साहब, देखिए कि महादेव ऑनलाइन सट्टा खुले आम चल रहा है। राजनीतिक संरक्षण का आलम यह है कि फेसबुक पर विज्ञापन आने लगे। आज मेरे एक साथी की फेसबुक पर आया है यह विज्ञापन। तो अब कौन संरक्षण दे रहा है? केंद्रीय गृहमंत्री या छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री? कार्रवाई होगी कि किसी का फर्जी बयान डालने से ही होगी? इसके साथ ऐसे अन्य ऐप के विज्ञापन भी दिखाई दे रहे हैं।

बेटिंग एप पर केंद्र सरकार रोक क्यों नहीं लगा रही – सुशील आनंद

वहीं भूपेश बघेल के सोशल मीडिया पोस्ट पर कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भूपेश बघेल जी ने जो पोस्ट किया है, वह हकीकत है। बीजेपी महादेव बेटिंग एप के मामले में बड़ी-बड़ी बातें करती है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार पर महादेव बेटिंग एप पर कार्रवाई हुई। महादेव बेटिंग एप पर केंद्र सरकार रोक क्यों नहीं लगा रही है। खुलेआम सोशल साइट्स में महादेव बेटिंग एप के विज्ञापन चल रहे हैं।

See also  बच्चों की मौत पर सियासत जारी, भूपेश बघेल के बयान को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा…

छत्तीसगढ़ से शुरू हुआ था महादेव सट्टा घोटाला

महादेव सट्टा एप की शुरुआत छत्तीसगढ़ के ही रहने वाले दो युवकों ने की थी। वहीं
इसकी जांच अक्टूबर 2022 में शुरू हुई थी। कांग्रेस सरकार के समय ईडी ने जांच शुरू की थी। दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर में मामला दर्ज हुआ था। ईडी ने 6 हजार करोड़ के घोटाले का खुलासा किया था। घोटाला धोखाधड़ी के जरिए किया गया है। जनवरी 2024 तक 80 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रदेश भर में लगभग 600 आरोपियों पर कार्रवाई हुई है। घोटाले के तार दुबई तक जुड़े हैं। घोटाले से बघेल के भी जुड़े होने के आरोप हैं, बघेल को 508 करोड़ देने का आरोप लगाया गया है।