टीआरपी डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-अमेरिका (India-US) के बीच व्यापारिक सहयोग को और मजबूत करने की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि दोनों देश घनिष्ठ मित्र और प्राकृतिक साझेदार हैं और व्यापारिक वार्ताएं इस साझेदारी की असीम संभावनाओं को अनलॉक करेंगी।

पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों की टीमें इन चर्चाओं को जल्द समाप्त करने के लिए कार्यरत हैं और वह राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत करने को उत्सुक हैं।

प्रधानमंत्री मोदी का यह बयान उस समय आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को महान देश बताते हुए कहा कि व्यापार वार्ताएं जारी रहेंगी। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उन्हें खुशी है कि दोनों देशों के बीच व्यापार बाधाओं को लेकर चर्चा जारी है और वह आने वाले हफ्तों में प्रधानमंत्री मोदी से बात करेंगे।

हाल ही में ट्रंप ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें महान प्रधानमंत्री बताया था और कहा था कि वह हमेशा उनके दोस्त रहेंगे। इस पर पीएम मोदी ने ट्रंप की सकारात्मक भावनाओं की सराहना की थी।

See also  खिलाड़ियों के धरना-प्रदर्शन से खराब हो रही है देश की छवि - पीटी ऊषा

भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर चर्चा लंबे समय से चल रही है, लेकिन टैरिफ से जुड़े मुद्दों के कारण वार्ता में गतिरोध बना हुआ है। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को 25 अगस्त को भारत आना था, लेकिन ट्रंप की टैरिफ संबंधी घोषणाओं के बाद यह यात्रा टाल दी गई। अब तक नई तारीख की घोषणा नहीं हुई है।

अमेरिका की मांग है कि भारत कृषि और डेयरी क्षेत्र को खोले, लेकिन भारत इस पर सहमत नहीं है। इसके चलते समझौते पर गतिरोध बना हुआ है। ट्रंप सरकार ने भारत से आने वाली कुछ वस्तुओं पर 50 फीसदी तक टैरिफ लगाया है और रूस से तेल खरीदने पर 25 फीसदी शुल्क लगाने की घोषणा की है।

गौरतलब है कि अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। वित्त वर्ष 2024-25 में दोनों देशों के बीच वस्तु व्यापार 131.8 अरब डॉलर का रहा, जिसमें भारत का निर्यात 86.5 अरब डॉलर और आयात 45.3 अरब डॉलर रहा।

See also  Adani -Hindenburg : हिंडेनबर्ग की रिपोर्ट मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सेबी से मांगा जवाब,13 फरवरी को होगी अगली सुनवाई