भोपाल। मध्य प्रदेश कैडर के 2012 बैच के आईएएस अधिकारी नीरज कुमार सिंह को केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय के आदेशानुसार यह नियुक्ति की गई है। वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात नीरज हाल ही में मध्य प्रदेश सरकार में उज्जैन जिला कलेक्टर से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में अपर सचिव के पद पर पदोन्नत हुए थे।
केंद्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका
जितिन प्रसाद वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री हैं, उनके साथ नीरज कुमार सिंह नीतिगत निर्णयों और विभागीय कार्यों में सहयोग देंगे। यह नियुक्ति पांच वर्ष की अवधि के लिए प्रभावी होगी। बता दें, नीरज कुमार सिंह का लंबा प्रशासनिक अनुभव उन्हें इस भूमिका के लिए उपयुक्त बनाता है।




