भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के पूर्वी जिलों सिवनी, मंडला, बालाघाट, अनूपपुर और डिंडौरी में अगले चार दिनों तक हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और ग्वालियर संभाग के शहरों में रातें ठंडी रहने के आसार हैं। शनिवार को भी पूर्वी क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार, पूर्वी हिस्से में लोकल सिस्टम की एक्टिविटी बढ़ने से बारिश की संभावना बनी हुई है। उन्होंने बताया कि सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, जबलपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों से अब तक मानसून की वापसी नहीं हुई है।

पश्चिमी हिस्से में ठंड का असर बढ़ा

राज्य के पश्चिमी हिस्से  भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और नर्मदापुरम  में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में हुई बर्फबारी से ठंडी उत्तरी हवाएं मध्यप्रदेश की ओर बढ़ रही हैं, जिससे रातें और ठंडी होती जा रही हैं।

See also  पुण्यदायी कार्तिक महीना 8 अक्टूबर से, करवा चौथ से लेकर देव दीपावली तक अनेक पर्व, त्यौहार

25 शहरों में पारा 20 डिग्री से नीचे

प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार-शनिवार की रात में 25 से अधिक शहरों का पारा 20 डिग्री से नीचे रहा। राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री, धार में 15.6 डिग्री, इंदौर में 15 डिग्री, भोपाल में 17.8 डिग्री, ग्वालियर में 18.2 डिग्री, उज्जैन में 17.2 डिग्री और जबलपुर में 21.2 डिग्री दर्ज किया गया।

अब तक 40 जिलों से लौट चुका मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के 40 से अधिक जिलों से मानसून की वापसी हो चुकी है। इनमें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, सीहोर, विदिशा, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम और बैतूल जैसे जिले शामिल हैं। विभाग ने बताया कि अब प्रदेश में कोई बड़ा सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए एक-दो दिन में शेष इलाकों से भी मानसून लौट सकता है।