रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर नवा रायपुर के सेंध जलाशय पर भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित एरोबेटिक टीम “सूर्यकिरण” ने दर्शकों के लिए रोमांचक एयर शो का प्रदर्शन किया। देश के उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित हजारों लोगों ने वायु सेना के साहसिक करतबों का आनंद लिया।
सेंध जलाशय के ऊपर फाइटर जेट्स ने एक के बाद एक कई करतब दिखाए। आसमान में पंछियों की तरह क्रमबद्ध उड़ान और फॉर्मेशन के जरिए पायलटों ने अनुशासन, नियंत्रण और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विमानों द्वारा आकाश में तिरंगा लहराने पर दर्शक ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाकर उत्साहित हुए।
एयर शो के दौरान सूर्यकिरण टीम के लीडर ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी ने छत्तीसगढ़वासियों को राज्योत्सव की बधाई दी। छत्तीसगढ़ निवासी स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल ने अपने कॉकपिट से ‘जय जोहार’ और ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ कहकर दर्शकों का अभिवादन किया। उप मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विभिन्न निगमों तथा आयोगों के अधिकारी भी इस रोमांचक प्रदर्शन का हिस्सा बने।
टीम ने एक घंटे तक नौ फाइटर विमानों के साथ एयर शो में हार्ट, डायमंड, लूप और कॉम्बैट जैसे फॉर्मेशन बनाए। हेलीकॉप्टरों से स्काई ऑपरेशन में 14 गरूड़ कमांडोज रस्सी के सहारे नीचे उतरे और आठ कमांडोज आकाश में उड़ते हुए गुजरे। तिरंगे के तीन रंगों से डीएनए की आकृति बनाना और 360 डिग्री में उल्टा जेट उड़ाना दर्शकों के लिए सबसे रोमांचक क्षण साबित हुआ।
सूर्यकिरण टीम, एशिया की एकमात्र नौ-विमानों वाली एरोबेटिक टीम, 1996 में स्थापित हुई थी। टीम HAL लाइसेंस प्राप्त हॉक एमके-132 विमान उड़ाती है और देशभर में 700 से अधिक प्रदर्शन कर चुकी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टीम ने चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर और UAE में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
टीम के पायलट अत्यंत कठिन प्रशिक्षण से गुजरते हैं, जिसमें महीनों तक क्लोज़ फॉर्मेशन फ्लाइंग का अभ्यास शामिल होता है। यह प्रदर्शन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि युवाओं में देशप्रेम, साहस और भारतीय सशस्त्र बलों में सेवा की प्रेरणा जगाने का संदेश भी देता है।


