जगदलपुर। खनिज विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे लौह अयस्क से भरे एक ट्रक को रात सवा 12 बजे कड़ी मशक्कत के बाद कुलगांव के पास रोक लिया। ट्रक में करीब 30 टन लौह अयस्क लदा हुआ था, लेकिन चालक के पास परिवहन के किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज नहीं थे।

ट्रक का नंबर CG 20 C 7077 है। खनिज विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि यह वाहन बिना एमडी (माइनिंग डिस्पैच) और बिना रॉयल्टी चुकाए अवैध रूप से लौह अयस्क की ढुलाई कर रायपुर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही खनिज विभाग के उड़नदस्ते ने पुलिस बल के साथ मिलकर रात 11 बजे से घेराबंदी शुरू कर दी।
लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद रात 12:15 बजे कुलगांव में ट्रक को रोकने में सफलता मिली। खनिज निरीक्षक ने चालक से लौह अयस्क के परिवहन से संबंधित सभी दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक कोई कागजात नहीं दिखा सका।

See also  प. बंगाल : गणतंत्र दिवस पर भारत माता की पूजा पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प

चालक का बयान: हमें सिर्फ रायपुर पहुंचने को कहा गया था

पूछताछ में ट्रक चालक ने अपना नाम कृष्णा क्षत्रिय, निवासी बोधघाट थाना क्षेत्र, जगदलपुर बताया। उसने खनिज विभाग को दिए बयान में कहा, “हमारे पास कोई कागज नहीं है। मालिक ने सिर्फ इतना कहा था कि ट्रक को रायपुर ले जाओ, वहां पहुंचने के बाद आगे का पता बताएंगे कि माल कहां खाली करना है।”
चालक ने वाहन मालिक का नाम कमलदेव, जगदलपुर बताया। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसे माल और गंतव्य के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी।


ट्रक पुलिस लाइन में सीज, मालिक के आने का इंतजार

खनिज विभाग ने तत्काल प्रभाव से ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया और पुलिस की मदद से उसे बोधघाट पुलिस लाइन में सीज करवा दिया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, वाहन मालिक कमलदेव के सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि लौह अयस्क कहां से लोड किया गया, किस खदान से चोरी हुआ और रायपुर में किसे सप्लाई किया जाना था।

See also  11 पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर, आदेश में देखें कौन-किधर गया


लगातार बढ़ रहे अवैध खनन के मामले

बस्तर क्षेत्र में लौह अयस्क की अवैध निकासी और परिवहन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। खनिज विभाग ने पिछले एक महीने में तीन अन्य ट्रकों को भी इसी तरह पकड़ा है। इससे पहले जून में छत्तीसगढ़ के कांकेर में अवैध रूप से लौह अयस्क परिवहन करते दो ट्रक को खनिज विभाग ने पकड़ा था। दोनों ट्रकों में लौह अयस्क भरा हुआ था। जिसे वह बस्तर से रायपुर की ओर लेकर जा रहे थे।