रायपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में शीत लहर का असर बढ़ गया है। अंबिकापुर, पेंड्रारोड, राजनांदगांव और दुर्ग सहित कई जिलों में उत्तर से आ रही ठंडी एवं शुष्क हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। मौसम विभाग ने आज उत्तरी एवं मध्य छत्तीसगढ़ में शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश का अधिकतम तापमान जगदलपुर में 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

इन जिलों में शीत लहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने जशपुर, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर और कोरबा जिलों के एक-दो स्थानों पर शीत लहर की संभावना जताई है। सरगुजा संभाग एवं इससे सटे जिलों के साथ राजनांदगांव और दुर्ग में यह स्थिति बनी रहेगी।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर से ठंडी हवाओं का प्रवाह जारी रहने से न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, लेकिन कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा। प्रदेश में आज मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और अगले एक सप्ताह तक वर्षा की कोई संभावना नहीं है।

See also  RDA का ये कैसा फरमान...! ना नंबर डिस्पैच ना तारीख, चहेतों को मिली वसूली की कमान

17 नवंबर से मध्य एवं दक्षिणी छत्तीसगढ़ में ठंड से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम ?

राजधानी रायपुर में आज आकाश मुख्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।