टीआरपी डेस्क। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अल-कायदा से जुड़े बांग्लादेशी आतंकवादियों की साजिश के मामले में बुधवार को पांच राज्यों के करीब 10 स्थानों पर बड़े पैमाने पर छापेमारी की। एजेंसी के प्रवक्ता ने गुरुवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की।

एनआईए की टीमों ने पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मेघालय, हरियाणा और गुजरात में संदिग्धों तथा उनके सहयोगियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। छापेमारी में बड़ी संख्या में डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन, मेमोरी कार्ड और संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

मामला 2023 में दर्ज किया गया था, जिसमें चार बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद सोजिबमियान, मुन्ना खालिद अंसारी, अजरुल इस्लाम और अब्दुल लतीफ मुख्य आरोपी हैं। ये सभी फर्जी भारतीय पहचान पत्रों के जरिए अवैध रूप से भारत में घुसे थे और प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-कायदा से जुड़े पाए गए।

एनआईए के अनुसार, आरोपी बांग्लादेश स्थित अल-कायदा गुर्गों के लिए धन संग्रह कर उन्हें हस्तांतरित करने और मुस्लिम युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित करने में सक्रिय थे। एजेंसी ने 10 नवंबर 2023 को अहमदाबाद की विशेष एनआईए अदालत में चारों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। जांच जारी है।

See also  SBI के 42 करोड़ ग्राहकों को बड़ी राहत, कल से मिलेगा सस्ता लोन