बिलासपुर। छत्तीसगढ़ शासन के अतिरिक्त महाधिवक्ता रणवीर सिंह मरहास ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने त्यागपत्र राज्य सरकार के विधि सचिव को भेजते हुए तत्काल प्रभाव से स्वीकार करने का अनुरोध किया है। बीते 17 नवंबर को महाधिवक्ता पद से प्रफुल्ल भारत ने त्यागपत्र दिया था। उसके बाद एडिशनल एजी विवेक शर्मा को नया महाधिवक्ता बनाया गया था।

विधि सचिव को प्रेषित अपने इस्तीफे में मरहास ने कहा है कि पिछले दो वर्षों तक इस महत्वपूर्ण पद पर सेवा देना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात रही। इस अवधि में उन्हें राज्य से जुड़े कानूनी मामलों में योगदान देने, विभिन्न न्यायालयों में शासन का प्रतिनिधित्व करने और अनुभवी व समर्पित सहकर्मियों के साथ काम करने का अवसर मिला। मरहास ने अपने पत्र में राज्य सरकार द्वारा मिले विश्वास और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन के समर्थन के कारण ही वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी क्षमता के साथ कर पाए। उनके अनुसार, उन्होंने अपना कार्यकाल संतोषजनक रूप से पूरा किया है और अब पद छोड़ने का यह उचित समय है।

See also  Governor Said On Local Reservation - विशेष सत्र बुलाने को मैंने कहा था,पहले से थी मेरी सहमति

गौरतलब है कि रणवीर सिंह मरहास भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों से जुड़े रहे हैं और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट की स्थापना के बाद वे जबलपुर से बिलासपुर आए और न्यायिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहे। वे लंबे समय तक शासकीय अधिवक्ता के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।