रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नर कार्यालय का पता बदल गया है। अब पुलिस कमिश्नर का कार्यालय C-3 बंगले में स्थानांतरित कर दिया गया है। आज से यहां से कार्यालयीन कामकाज शुरू हो रहा है। अब तक यह दफ्तर पुराने राजस्व आयुक्त कार्यालय से संचालित हो रहा था।

गौरतलब है कि C-3 बंगला इससे पहले छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा का आधिकारिक निवास था। उनके नवा रायपुर शिफ्ट होने के बाद यह बंगला खाली हो गया था। इसी भवन को अब पुलिस कमिश्नर कार्यालय के रूप में उपयोग में लिया जाएगा।

नए कार्यालय से संभालेंगे जिम्मेदारी

रायपुर के पहले पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला गुरुवार से नए कार्यालय में बैठकर कामकाज संभालेंगे। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले भी अब यहीं से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

23 जनवरी से लागू हुई कमिश्नर प्रणाली

राजधानी रायपुर में 23 जनवरी 2026 से पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू की गई है। इसके साथ ही 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला को शहर का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया।

See also  रायपुर में सजा है माँ दंतेश्वरी का दरबार, बना हुआ है विकास प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण, देखें EXCLUSIVE वीडियो

08 जनवरी 1967 को जन्मे डॉ. संजीव शुक्ला की प्रारंभिक पढ़ाई रायपुर में हुई और उन्होंने M.Com की डिग्री हासिल की। वे रायपुर में एसएसपी के पद पर भी सेवाएं दे चुके हैं और CID में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक वर्ष 2010 और 2022 में दो अलग-अलग श्रेणियों में मिल चुका है।