कोरबा। जिले पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक मुख्यालय स्थित सरकारी एकलव्य छात्रावास में एक मामूली विवाद ने डरावना रूप अख्तियार कर लिया। यहां आपसी तनातनी इतनी बढ़ गई कि एक ही कक्षा की 5 छात्राओं ने एक साथ फिनाइल पी लिया। इस आत्मघाती कदम से हॉस्टल परिसर में हड़कंप मच गया। वॉर्डन और प्रबंधन ने आनन-फानन में सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई।
मोबाइल बना विवाद का केंद्र
दरअसल इस हॉस्टल के भीतर अनुशासन और मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर छात्राओं के बीच ‘कोल्ड वॉर’ चल रहा था। यह विवाद रविवार को अचानक भड़क उठा और छात्राओं ने सामूहिक रूप से अपनी जान जोखिम में डाल दी।
फिनाइल पीने वाली पांचों छात्राएं एक ही कक्षा की बताई जा रही हैं। इस घटना के बाद छात्रावास प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और मॉनिटरिंग पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। छात्राओं के बीमार पड़ते ही वॉर्डन ने स्थानीय प्रशासन को सूचना दी और उन्हें तुरंत मेडिकल विंग में शिफ्ट किया गया।
पोड़ी बीईओ कार्यालय के सामने एकलव्य छात्रावास का संचालन किया जा रहा है। घटना 25 मार्च 2026 की बताई जा रही है। एक ही कक्षा में पढ़ने वाली पांच छात्राओं के बीच मोबाइल चलाने को लेकर विवाद हुआ। एक छात्रा को मोबाइल इस्तेमाल करते पकड़कर फटकारा गया तो उसने अन्य छात्राओं का हवाला दिया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और छात्राएं आपस में लड़ पड़ीं।
कुछ देर बाद आपस में नाराजगी इतनी बढ़ गई, गुस्साई छात्राओं ने आत्मघाती कदम उठाते हुए फिनाइल पी लिया। घटना के बाद छात्रावास में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौजूद स्टाफ ने तत्काल छात्राओं को उल्टी कराने का प्रयास किया। इनमें से दो छात्राओं की स्थिति जल्द सामान्य हो गई, जबकि तीन छात्राओं को शाम करीब सात बजे अस्पताल ले जाया गया।
छात्राओं को रात भर भर्ती रखकर उपचार किया गया। अगले दिन हालत में सुधार होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए थे डिस्चार्ज के बाद छात्राओं को अपने साथ ले गए।
अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, छात्राओं के शरीर से टॉक्सिक पदार्थ निकाल दिए गए हैं। डॉक्टरों की एक टीम उनकी रिकवरी पर नजर रखे हुए है।
‘बात इतनी बढ़ जाएगी, अंदाजा नहीं था’इस घटना के संबंध में हॉस्टल अधीक्षक का कहना है कि छात्राओं के बीच मोबाइल को लेकर कुछ कहासुनी हुई थी, जो इतनी बढ़ जाएगी इसका अंदाजा नहीं था। हमने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पांचों की हालत स्थिर है। हम मामले की जांच कर रहे हैं।”


