टीआरपी डेस्क। KKR vs SRH: आईपीएल 2026 के छठे मैच में आज यानी 2 अप्रैल (गुरुवार) को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की भिड़ंत होने वाली है। ईडन गार्डन्स के ऐतिहासिक मैदान पर होने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है, क्योंकि केकेआर और हैदराबाद दोनों ने ही इस सीजन की शुरुआत हार के साथ की है।
घरेलू मैदान पर साख बचाने उतरेगी केकेआर
दरअसल, तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स को पिछले मैच में मुंबई इंडियंस के हाथों 6 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। केकेआर के लिए सबसे बड़ी चिंता उनकी गेंदबाजी है। हर्षित राणा और आकाश दीप जैसे तेज गेंदबाजों के चोटिल होने से टीम का संतुलन बिगड़ गया है।
गौरतलब है कि ईडन गार्डन्स केकेआर का किला माना जाता है, जहां उन्होंने 95 में से 54 मैच जीते हैं। लेकिन इस बार सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती की जादुई स्पिन जोड़ी का फीका प्रदर्शन टीम के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।
हैदराबाद को खलेगी पैट कमिंस की कमी
बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद की हालत भी कुछ जुदा नहीं है। आरसीबी के खिलाफ अपना पहला मैच हारने के बाद टीम दबाव में है। सबसे बड़ा झटका कप्तान पैट कमिंस की चोट है, जिनकी गैरमौजूदगी में गेंदबाजी यूनिट 200 रनों का बचाव करने में भी संघर्ष कर रही है। हालांकि, टीम के पास अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और ट्रैविस हेड के रूप में एक विस्फोटक टॉप ऑर्डर मौजूद है, जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकता है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी।
सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा।



