न्यायधानी बिलासपुर की हाई-प्रोफाइल सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मस्तूरी के बहुचर्चित गोलीकांड के आरोपियों का जेल परिसर के भीतर से रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस वीडियो में आरोपियों को किसी अपराधी की तरह नहीं, बल्कि दबंग और डॉन के रूप में महिमामंडित किया गया है।

मुलाकात कक्ष बना शूटिंग स्पॉट

जानकारी के अनुसार, मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह पर फायरिंग करने के आरोपी युवा कांग्रेस नेता विश्वजीत अनंत और उसके साथी फिलहाल जेल में बंद हैं। उनसे मुलाकात करने आए उनके साथियों ने मुलाकात कक्ष के बाहर मोबाइल ले जाकर रील बनाई। रील में फिल्मी गानों और बैकग्राउंड म्यूजिक के साथ आरोपियों को दबंग अंदाज में दिखाया गया है।

जेल प्रशासन का एक्शन

वीडियो वायरल होते ही जेल महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल अधीक्षक ने तत्काल कड़े कदम उठाए हैं। सभी संबंधित आरोपियों की बाहरी मुलाकातों पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। मुलाकात कक्ष में तैनात लापरवाह स्टाफ को ड्यूटी से हटा दिया गया है। रील बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।

See also  सौरव गांगुली बने बीसीसीआई के अध्यक्ष, अमित शाह के बेटे जय सचिव होंगे

क्या था मस्तूरी गोलीकांड?

करीब 5 माह पहले कांग्रेस नेता नितेश सिंह के कार्यालय में घुसकर उन पर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी। इस मामले में पुलिस ने युवा कांग्रेस नेता विश्वजीत अनंत, उसके भाइयों और अन्य साथियों को गिरफ्तार किया था।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।