रायपुर। CGPSC SI exam : छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा आयोजन 12 जुलाई को रायपुर जिले के 22 परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। जिला प्रशासन ने परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेकर परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाए।
प्रवेश से पहले होगी सख्त जांच
परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग (सुरक्षा जांच) और फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य रहेगा। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले अपने निर्धारित केंद्र पर पहुंच जाएं, ताकि सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
सुबह 7 बजे वितरित होगी गोपनीय परीक्षा सामग्री
परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर रायपुर से सुबह 7 बजे किया जाएगा। सामग्री को सुरक्षित ढंग से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए परिवहन अधिकारियों और उड़नदस्ता टीम की तैनाती की गई है। सभी केंद्राध्यक्षों को परीक्षा शुरू होने से पहले सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उड़नदस्ता टीम रखेगी कड़ी निगरानी
परीक्षा के दौरान नकल और अन्य अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए उड़नदस्ता दल सभी 22 परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण करेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर के प्रमुख निर्देश
सभी 22 परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
परीक्षा का संचालन पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किया जाए।
प्रत्येक अभ्यर्थी की फ्रिस्किंग और फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
गोपनीय परीक्षा सामग्री निर्धारित समय पर सभी केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाई जाए।


