Rahul Gandhi and Priyanka Gandhi during protest near Prime Minister's residence in New Delhi
NEET मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री आवास के पास प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया।

Rahul Gandhi Arrested: कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के पास प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। कांग्रेस का यह प्रदर्शन NEET परीक्षा विवाद, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और प्रधानमंत्री से जवाब की मांग को लेकर किया गया।

पीएम आवास के पास धरने पर बैठे थे राहुल गांधी

कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे पीएम आवास के पास धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। जब पुलिस उन्हें हिरासत में लेने पहुंची तो राहुल गांधी जमीन पर बैठ गए। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर पुलिस वाहन तक ले गए।

प्रियंका गांधी को भी पुलिस ने लिया हिरासत में

पुलिस ने सबसे पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की सुरक्षा टीम को हिरासत में लिया। इसके बाद दोनों नेताओं को भी डिटेन किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रियंका गांधी पुलिस बस के दरवाजे पर खड़ी रहीं। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें बस के अंदर ले जाने की कोशिश की। बाद में उन्हें हिरासत में लेकर वहां से ले जाया गया।

See also  AAP नेत्री की सड़क हादसे में मौत, पति पर लगा हत्या का आरोप, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने किया मामला साफ…

अखिलेश यादव भी समर्थन देने पहुंचे

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी अपने सांसदों के साथ राहुल गांधी के समर्थन में प्रदर्शन स्थल पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लिया और बाद में राहुल गांधी के साथ एक ही बस में बैठाकर वहां से ले गई।

जितेंद्र सिंह ने की राहुल गांधी से बातचीत

प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह कांग्रेस नेताओं से बातचीत करने पहुंचे। उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद गृह मंत्री अमित शाह से भी चर्चा की। जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि राहुल गांधी की पहली मांग NEET मुद्दे पर संसद में चर्चा थी, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया था। उनके अनुसार, बाद में कांग्रेस ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी जोड़ दी।

कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन काफी गोपनीय रखा गया। राहुल गांधी समेत अन्य नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से पैदल मार्च करते हुए पीएम आवास की ओर पहुंचे। मीडिया को इसकी जानकारी तब दी गई, जब प्रदर्शनकारी पीएम आवास से लगभग 100 मीटर दूर पहुंच चुके थे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की। पुलिस ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया।

See also  हरियाणा की जीत: ढोल बजाकर निकाला विजय जुलूस, राजधानी में भाजपा का जश्न