Maruti Agro Biotech Balod Raid: जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बीजाभाठा स्थित Maruti Agro Biotech के गोदाम पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान गोदाम में अवैध रूप से कृषि आदान सामग्री का भंडारण और पैकेजिंग होते मिली। निरीक्षण दल ने बड़ी मात्रा में कृषि सामग्री और पैकेजिंग उपकरण जब्त कर गोदाम को सील कर दिया।
यह कार्रवाई कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश और कृषि विभाग के उप संचालक आशीष चन्द्राकर के मार्गदर्शन में की गई। जिला स्तरीय और ब्लॉक स्तरीय संयुक्त निरीक्षण दल ने 21 जुलाई को गोदाम में दबिश दी।
बिना अनुमति पैकेजिंग का चल रहा था काम
उप संचालक आशीष चन्द्राकर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान गोदाम में बिना अनुमति कृषि सामग्री की पैकेजिंग का काम चल रहा था। इसके बाद मौके पर मौजूद सामग्री का पंचनामा बनाकर जब्ती और सीलिंग की कार्रवाई की गई।
गोदाम से क्या-क्या मिला
- 10 किलोग्राम पैकिंग बाल्टियां।
- भू लक्ष्मी महासार जैव उत्प्रेरक 500 मि.ली. पैकिंग के 2,880 नग।
- वीएजीएमआई प्रोम 08 किलोग्राम पैकिंग।
- 40 किलोग्राम पैकिंग की 5,129 बोरियां।
- 08 किलोग्राम की 153 खुली बोरियां।
- 50 किलोग्राम पैकिंग का 1,880 बोरी कच्चा कृषि सामग्री।
- 7 पैकिंग मशीन।
- 11 इलेक्ट्रॉनिक तोलक।
- 3 बोरी सिलाई मशीन।
निरीक्षण दल ने जब्त कृषि सामग्री के नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि गुणवत्ता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें सामग्री
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे खाद, बीज और कीटनाशक केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें। खरीदारी के समय बिल अवश्य लें। विभाग ने बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों या घूम-घूमकर कृषि सामग्री बेचने वाले लोगों से सावधान रहने की भी सलाह दी है।


