तो क्या बंद हो जाएगा भिलाई स्टील प्लांट ?

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोयला संकट का असर गहरा रहा है। अब इसका असर भिलाई के स्टील प्लांट पर भी दिखाई देने लगा है। हालात ये हैं कि बीएसपी के पास मात्र दो दिन का ही कोयला स्टॉक बचा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार यदि दो दिन के अंदर कोयले की सप्लाई नहीं हुई तो भिलाई स्टील प्लांट को करोड़ों की चपत लग सकती है। आपको बता दें कि कोयला संकट के बीच BSP प्रबंधन ने रेल मिल का उत्पादन कम कर दिया है साथ ही ब्लास्ट फर्नेस को भी डाउन कर दिया गया है।

कोयला संकट के चलते यदि प्लांट पूरी तरह से बंद हो गया तो ठंडे हो चुके मिल और फर्नेस को फिर से उसी तापमान में लाने के लिए कई दिन का समय लगेगा। साथ ही प्रबंधन को इसके लिए आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ेगा। वर्तमान में कोयला संकट की वजह से प्रबंधन को ब्लास्ट फर्नेस 6 को बंद करना पड़ा। इसके अलावा ब्लास्ट फर्नेस 8 को 4-6 घंटों के लिए डाउन करने की तैयारी की जा रही है।

See also  JEE Mains Rule Change : JEE मेन्स के नियमों में बदलाव! पहली बार दी गई कैलकुलेटर चलाने की अनुमति, जानें और क्या-क्या बदला…

बीएसपी में फिलहाल मात्र लगभग 30 हजार टन कोयला ही बचा हुआ है। इस कोयले से प्लांट को दो दिन तक ही चलाया जा सकता है। यदि दो दिन के अंदर कोयले की रैक नहीं आई तो प्लंट को बंद करना पड़ेगा। हालांकि बीएसपी प्रबंधन अभी कोयले को अधिक समय तक चलाने की योजना पर काम कर रहा है।