पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपी को किया गिरफ्तार

रायगढ़। पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने वाले जमीन माफिया की किसान ने कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। रायगढ़-उड़ीसा मार्ग पर नवापाली के पास जमीन विवाद के चलते हत्या को अंजाम दिया।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद नाकेबंदी कर पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाडी भी बरामद की गई है। घटना चक्रधऱ नगर थाना क्षेत्र की है।

बताया जाता है कि मांझापारा में रहने वाले किसान हरिलाल खड़िया की पुश्तैनी जमीन थी जिसे विशाल ठाकुर नामक युवक बेजा कब्जा कर रहा था। इस बात को लेकर पूर्व में भी किसान और विशाल ठाकुर के बीच विवाद हुआ था। रविवार को फिर से विशाल ठाकुर किसान की जमीन को कब्जा करने के लिए समतल करने लगा।

किसान हरिलाल खड़िया को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने विशाल को कब्जा करने से रोका। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आनन फानन में हरिलाल खड़िया ने विशाल पर कुल्हाडी से हमला कर दिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने नाकेबंदी कर युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

See also  कांग्रेस में शोक की लहर, पूर्व विधायक का Heart Attack से निधन