Case of social ostracism: समाज से बहिष्कृत व्यक्ति को दोबारा समाज में शामिल करने के नाम पर कथित तौर पर 2 लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया है। पत्थलगांव थाना पुलिस ने समाज के तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस मामले में 3 अन्य नामजद आरोपी फरार हैं।
दरअसल गोपाल बंजारा नामक शख्स ने अपने समाज में दोबारा शामिल होने के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि तब तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा, सचिव महेंद्र बंजारा, वर्तमान अध्यक्ष नंदकिशोर बंजारा और सचिव श्यामलाल बंजारा ने इसके एवज में 2 लाख रुपये की मांग की।
मामला कहां का है?
- गांव: बटुराबहार, पत्थलगांव थाना क्षेत्र, जशपुर जिला
- शिकायतकर्ता: गोपाल बंजारा (31)
- गिरफ्तार आरोपी: शेखर प्रसाद बंजारा (32), निवासी गौटियापारा, बटुराबहार – तत्कालीन समाज अध्यक्ष
- गिरफ्तारी तारीख: 13 अक्टूबर 2026
PhonePe से 1 लाख रूपये कराये ट्रांसफर
शिकायत के मुताबिक 23 सितंबर 2022 को 1 लाख रुपये अलग-अलग खातों से ट्रांसफर किए गए –
- 60 हजार रुपये: गोपाल के SBI खाते से PhonePe के जरिए शेखर बंजारा के खाते में
- 40 हजार रुपये: मित्र के IndusInd बैंक खाते से
1 लाख देने के बाद भी शेष रकम की मांग की गई, तो गोपाल ने न्यायालय का रुख किया।
न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
गोपाल ने पहले कोरबा के न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में परिवाद लगाया। कोर्ट के आदेश पर पहले कोरबा थाना सिविल लाइन रामपुर में मामला दर्ज हुआ, फिर घटनास्थल पत्थलगांव होने के कारण मामला पत्थलगांव पुलिस को सौंपा गया।
पुलिस ने क्या कार्रवाई की ?
पुलिस ने शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए, बैंक खातों की जांच की। एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि तत्कालीन अध्यक्ष को जेल भेजा गया है, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि समाज में दोबारा शामिल करने के नाम पर रुपये मांगने के मामले में तत्कालीन अध्यक्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले के अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट होगी।
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. जशपुर में किसे गिरफ्तार किया गया?
Ans. पत्थलगांव के बटुराबहार निवासी तत्कालीन समाज अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा (32) को, 13 अक्टूबर 2026 को।
Q2. कितने रुपये की मांग और कितना ट्रांसफर हुआ?
Ans. 2 लाख की मांग, 23 सितंबर 2022 को 1 लाख ट्रांसफर हुआ – 60 हजार PhonePe + 40 हजार बैंक से।
Q3. मामला किस धारा में दर्ज है?
Ans. अपराध क्र. 149/2026, BNS 308(2), 61(2), 3(5) और नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम 1955 की धारा 7(2)।



