स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टेस्ट टीम के युवा कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) को आईसीसी ने जुलाई महीने का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी चुना है। इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में गिल ने न सिर्फ नेतृत्व में परिपक्वता दिखाई, बल्कि बल्ले से भी दमदार प्रदर्शन करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।

गिल ने इस पुरस्कार की दौड़ में इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स और दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर वियान मुल्डर को पछाड़ा। जुलाई महीने में उन्होंने तीन टेस्ट मैचों में 94.50 की औसत से 567 रन बनाए, जिसमें एक शानदार दोहरा शतक भी शामिल था। वहीं पूरी सीरीज में उन्होंने 75.40 की औसत से कुल 754 रन बनाए, जिसमें चार शतक और एक दोहरा शतक शामिल हैं।

सबसे खास बात यह रही कि यह शुभमन गिल का बतौर टेस्ट कप्तान पहला विदेशी दौरा था और उन्होंने सुनील गावस्कर का 732 रन का रिकॉर्ड तोड़ते हुए किसी भी भारतीय टेस्ट कप्तान द्वारा एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का नया कीर्तिमान स्थापित किया। अब वह इस सूची में सर डोनाल्ड ब्रैडमैन (810 रन) के बाद दूसरे स्थान पर हैं।

See also  Breaking : कोरोना पर कंट्रोल के बाद राज्य में 22 अक्टूबर से खुलेंगे थिएटर, इन प्रदेशों को भी मिली अनुमति

आईसीसी की ओर से जारी बयान में गिल ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए खास मायने रखता है क्योंकि यह उन्हें कप्तान के रूप में उनके पहले टेस्ट दौरे की सफलता के लिए मिला है। उन्होंने बर्मिंघम में बनाए गए दोहरे शतक को अपने करियर की सबसे यादगार पारियों में से एक बताया।

यह चौथी बार है जब शुभमन गिल को आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। इससे पहले वह जनवरी 2023, सितंबर 2023 और फरवरी 2025 में यह खिताब जीत चुके हैं। किसी भी पुरुष खिलाड़ी द्वारा यह उपलब्धि सबसे अधिक बार हासिल करने का रिकॉर्ड है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।