पांढुर्णा (मध्यप्रदेश)। पांढुर्णा के प्रसिद्ध गोटमार मेला की कहानी अब जल्द ही बड़े परदे पर दिखाई देगी। मुंबई की पल्स मीडिया और क्रेजी बैग्स एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने इस ऐतिहासिक और अनूठे मेले पर फिल्म बनाने का ऐलान किया है।
विशेषज्ञों की टीम ने किया मेला स्थल का दौरा
फिल्म निर्माण से पहले, परंपरा और लोक गतिविधियों का गहन अध्ययन करने के लिए शुक्रवार को मुंबई से एक विशेष टीम पांढुर्णा पहुंची। इस दल में निर्माता सौरभ गौड़, संगीत निर्देशक शैल आर. सैनी, कार्यकारी निर्माता दिव्यांश मिश्रा, अपार जैन, और प्रमुख सहयोगी जितेंद्र परमार, दीपक कुशवाह, उत्कर्ष चौधरी शामिल थे।
टीम ने सबसे पहले आराध्या मां चंडिका के दर्शन किए और गोटमार स्थल का निरीक्षण किया। वहीं मौजूद स्थानीय लोगों से बातचीत कर मेले की परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों को समझा।
निर्माता का बयान
मीडिया से बातचीत में निर्माता सौरभ गौड़ ने कहा, “गोटमार मेला अपनी अलग पहचान रखता है। इसमें आस्था, लोक संस्कृति और जनमानस की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। हमारी कोशिश है कि फिल्म के माध्यम से यह मेला केवल स्थानीय स्तर तक सीमित न रहे, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचे।”



