टीआरपी डेस्क। Vote Chori : छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव 2023 में गड़बड़ी की आशंका को लेकर मतदाता सूची की जांच तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने सभी जिला, शहर, नगर और ब्लाक कांग्रेस कमेटियों को पत्र भेजकर स्थानीय स्तर पर वोटर सूची का गहन पुनर्निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। PCC का कहना है कि गड़बड़ियों को चिन्हित कर रिपोर्ट तैयार की जाए और जिलों से मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर पार्टी राज्यस्तरीय बड़ा आंदोलन करेगी।

कांग्रेस का आरोप है कि देशभर में वोट की चोरी हो रही है। इस मुद्दे को लेकर राहुल गांधी लगातार आवाज भी उठा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी यह मामला गरमा रहा है। कांग्रेस ने 5 बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। इनमें डुप्लीकेट मतदाता (एक ही नाम के मतदाता अलग-अलग जगहों पर दर्ज तो नहीं हैं), फर्जी पते (ऐसे पते जहां कोई नहीं रहता, लेकिन वोटर सूची में नाम है), एक ही पते पर बहुत सारे मतदाता, गलत फोटो वाले मतदाता और फार्म-6 का गलत इस्तेमाल शामिल हैं।

See also  विधानसभा में उठा बिलासपुर में एम्स खोले जाने का मामला

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दावा किया है कि कांग्रेस जल्द तथ्यों के साथ पूरे मामले का पर्दाफाश करेगी। बैज ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने दावा किया है कि बिहार, महाराष्ट्र और हरियाणा की तरह यहां भी वोट चोरी के मामले सामने आएंगे। उन्होंने भाजापा और चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा है कि चुनाव आयोग भाजपा को अनुचित लाभ पहुंचाती है।