रायपुर: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। राजधानी रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में कई शराब कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई। प्रदेशभर में कुल 10 स्थानों पर ईओडब्ल्यू की टीम ने दबिश दी।
जानकारी के अनुसार, रायपुर में 3 से 4 ठिकानों पर छापेमारी की गई, जिसमें देवनगरी स्थित शराब कारोबारी का घर भी शामिल है। इसके अलावा EOW की 12 सदस्यीय टीम ने जांजगीर-चांपा के अकलतरा में दबिश दी है। यहां कोयला व्यापार से जुड़े जयचंद कोसले के अंबेडकर चौक स्थित घर में रेड कार्रवाई की गई है। जानकारी के मुताबिक कोसले के पिता खनिज विभाग में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ हैं।
साथ ही, ACB-EOW की एक टीम जयचंद कोसले के रायपुर स्थित घर भी पहुंची है। सेजबहार स्थित अविनाश स्मार्ट सिटी के कॉलोनी में टीम ने दबिश दी है। 2 गाड़ियों में अफसर पहुंचे हैं। जयचंद कोसले पूर्व सीएम भूपेश बघेल की उप सचिव रही सौम्या चौरसिया का करीबी बताया जा रहा है।
फिलहाल, ईओडब्ल्यू की टीमें दस्तावेजों की जांच में जुटी हैं। इस कार्रवाई से शराब घोटाले से जुड़े अहम खुलासों की उम्मीद की जा रही है।



