कोंडागांव। बस्तर के कोंडागांव जिले में कबड्डी मैच के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। यहां खेल के बीच अचानक आए तेज आंधी-तूफान से मैदान में लगा टेंट उड़कर 11 केवी बिजली तार से टकरा गया। जिससे टेंट के संपर्क में आने से करंट की चपेट में आकर तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य ग्रामीण बुरी तरह से झुलस गए। घटना के दौरान अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से विश्रामपुरी अस्पताल पहुंचाया गया।

यह घटना कोंडागांव जिले के बडेराजपुर ब्लॉक के ग्राम रावसवाही में हुई है। बताया जा रहा है कि यहां शनिवार की शाम कबड्डी मैच चल रहा था। जिसे देखने के लिए स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे। इसी दौरान मौसम बदला और अचानक तेज आंधी-तूफान चलने लगा। तेज आंधी से मैदान में लगा टेंट उड़कर 11 केवी की बिजली लाइन से टकरा गया। जिसमें करंट प्रवाहित होने से उसकी चपेट में आकर ग्रामीण बुरी तरह से झुलस गये। इस हादसे में तीन ग्रामीणों की जहां दर्दनाक मौत हो गयी है, वहीं तीन अन्य ग्रामीण की हालत नाजुक बनी हुई है।

See also  BREAKING: केंद्रीय कृषि कानून के खिलाफ किसानों का प्रदेशस्तरीय चक्काजाम

स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को तुरंत विश्रामपुरी अस्पताल पहुंचाया। कुल 6 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से तीन की मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी, जबकि तीन घायलों का इलाज जारी है। इनमें से दो गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

इन ग्रामीणों की हादसे में गई जान

कबड्डी मैच के दौरान हुए हादसे में तीन ग्रामीणों की मौत हुई है। मृतकों में सतीश कुमार नेताम, 24 साल, गरांजीडीही, श्याम नेताम 25 साल, पांडे पारा, सुनील शोरी 25 साल, बांसकोट शामिल हैं। वहीं इस घटना में बांसकोट निवासी 16 वर्षीय शिवम दास और रावसवाही निवासी 25 वर्षीय सुविलाल मरकाम की हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना के बाद जिला पंचायत सदस्य रामचरण शोरी ने छत्तीसगढ़ सरकार से तीनों मृतकों और घायलों के परिजन को मुआवजा देने की मांग की है।