0 प्रतापगढ़ का बताया जा रहा है शूटर

कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र के कसनियां में बीती रात करीब 11 बजे गोली चलने से सनसनी फैल गई। अचानक हुई फायरिंग से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। इस घटना के बाद भाग रहे एक युवक को बस में सवार होते वक्त पकड़ लिया गया। यह तथाकथित शूटर यूपी के प्रतापगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है और इस मामले को यहां घटित एक प्रेम विवाह के प्रकरण से जोड़कर देखा जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कसनिया निवासी सिकंदर मेमन के घर के सामने से बाइक पर सवार लोगों ने फायरिंग की और यहां से निकल भागे। गोलीबारी में एक राउंड लोहे का शटर पार कर गया जबकि दूसरी गोली दरवाजे पर लगी। गनीमत यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। उस समय परिवार खाना खाकर सोने की तैयारी कर रहा था।

बाइक दुर्घटनाग्रस्त हुई और पकड़ा गया शूटर

फायरिंग के बाद आरोपी कसनिया से हाईवे की ओर भाग रहा था तभी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और वह गिर पड़ा। मौके की नजाकत देखते हुए उसने शर्ट बदलकर लोगों को चकमा देने की कोशिश की। इसी बीच गांव के युवकों को शक हुआ और उन्होंने पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी बस में सवार होकर कटघोरा भागने की फिराक में था, लेकिन बस स्टैंड से पहले ही स्थानीय लोगों और कटघोरा पुलिस ने मिलकर उसे पकड़ लिया। हमलावार एक है या अधिक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

See also  बोलेरो पेड़ से टकराई, कृषि विभाग के उप संचालक की हुई मौत

घटना की गंभीरता को देखते हुए कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी खुद मौके पर पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि “दो राउंड फायरिंग हुई है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल घटना का मकसद स्पष्ट नहीं हुआ है, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।”

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि अभी उनके समक्ष संज्ञान में यह घटना आई है। वे स्वयं और सभी पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर विवेचना कर रहे हैं। जनता के सहयोग से और पुलिस की टीम की तत्परता के चलते एक आरोपी हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ करके अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

प्रतापगढ़ का बताया जा रहा शूटर

पकड़ा गया शूटर प्रतापगढ़ यूपी का रहने वाला बताया जा रहा है। इस घटना को मेमन परिवार में हुए अंतर्जातीय विवाह से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि सिकंदर मेमन के भतीजे ने कुछ माह पहले हिंदू लड़की से लव मैरिज किया है। इसे लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है, यह मामला हाइकोर्ट में भी चला। जहां युवती को उसकी इच्छा के मुताबिक जिससे उसने विवाह किया है उसके साथ जाने का आदेश जारी कर दिया गया। मगर विवाह की वैधानिकता को लेकर या मामला उलझ गया है और युवती आज भी महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित उज्ज्वला होम्स में है।

See also  नए साल तक सूबा-ऐ-सदर, वज़ीरों और नौकरशाहों की बनेगी नई आरामगाह

गोलीबारी की घटना को इसी मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि शूटर ने कोरबा के कुछ युवकों का नाम लिया है, जिसकी पुष्टि की जा रही है।