रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार को दो अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। गरियाबंद जिले में दो महिलाओं की और रायगढ़ जिले में दो युवकों की जान चली गई। दोनों ही घटनाओं में लोग बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी बिजली गिर गई।

गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र के डोहल गांव में डीलेश्वरी दुर्गा (43) और सूरजो बाई (60) की मौत हो गई। उनके साथ खड़ी एक गर्भवती महिला के पैरों में करंट उतरने का असर हुआ, जिसका इलाज जारी है। इसी तरह रायगढ़ जिले में भी दो युवकों की मौत बिजली गिरने से हुई।

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 60 मिमी बारिश बलरामपुर के कुसमी क्षेत्र में हुई। विभाग ने गुरुवार को बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी और कांकेर में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट और 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।अगले दो दिनों तक बारिश होने के आसार है। जिसके बाद इसमें कुछ कमी आने की संभावना है।

See also  सरकार के जनघोषणापत्र पर छत्तीसगढ़ विधानसभा में हंगामा, नाराज विपक्ष ने किया वॉकआउट