बिलासपुर। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष तैयारी की है। रेलवे प्रशासन की ओर से 170 ट्रिप फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस और मेमू/पैसेंजर ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा अन्य रेलवे जोनों द्वारा संचालित 223 ट्रिप विशेष ट्रेनें भी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र से होकर गुजरेंगी, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने ट्रेनों के परिचालन में बढ़ोतरी के साथ निगरानी व्यवस्था भी सुदृढ़ की है। मुख्यालय और सभी मंडलों में वार रूम स्थापित किए गए हैं, जहां से 24 घंटे रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारियों की विशेष ड्यूटी निर्धारित की गई है ताकि स्टेशनों की व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रमुख स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा त्योहारों के दौरान निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



