Virat Kohli: विराट कोहली ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपनी दावेदारी पक्की कर ली है। शानदार फॉर्म में चल रहे कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दूसरा शतक जड़कर साफ कर दिया कि अभी उनमें काफी क्रिकेट बाकी है। रांची में शतक के बाद छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी कोहली ने वही रफ्तार पकड़ी और 90 बॉल में सौ रन पूरे कर लिए।
यह उनका वनडे में 53वां और अंतरराष्ट्रीय करियर का 84वां शतक है। इस फॉर्मेट में वह पहले ही बाकी सभी बल्लेबाजों को काफी पीछे छोड़ चुके हैं। इस मैच में उन्होंने 93 गेंदों पर सात चौके और दो छक्कों के साथ 102 रन बनाए।
बता दें कि 2027 वर्ल्ड कप के लिए मीडिया में उनकी फिटनेस पर सवाल उठे थे। मगर लगातार दो सेंचुरी लगाकर उन्होंने हर शंका का जवाब मैदान पर दे दिया है।
कोहली ने लगातार तीसरा 50+ स्कोर भी हासिल किया है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में नाबाद 74, फिर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में 135, और अब रायपुर में शतक। यह 13वीं बार है जब उन्होंने वनडे में तीन या उससे ज्यादा मैचों में लगातार 50+ स्कोर बनाए हैं इस मामले में कोई और उनके आसपास नहीं है. रोहित शर्मा 11 बार के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि सचिन 10 बार के साथ तीसरे पर।
रायपुर मैच में रोहित और जायसवाल जल्दी लौटे तो कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को थाम लिया। गायकवाड़ ने अपना पहला वनडे शतक जड़ा और 105 रन बनाए। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 195 रन की पार्टनरशिप बनी, जो भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच किसी भी विकेट के लिए वनडे इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी है। इस तरह उन्होंने 2010 में सचिन-दिनेश कार्तिक की 194 रन वाली साझेदारी को पीछे छोड़ दिया। लगातार दो शतक लगाने की उपलब्धि कोहली ने 11वीं बार हासिल की है।



