रायपुर। राजधानी में एनआईटी के पास स्थित चैपाटी हटाये जाने को लेकर उसी जगह पर कांग्रेसियों ने सद्बुद्धि यज्ञ किया। बीजेपी पर निशाना साधते हुए कांग्रेसियों ने यज्ञ स्थल पर डिप्टी सीएम अरूण साव और बीजेपी विधायक राजेश मूणत की फोटो हाथों में थामकर हवन-पूजन किया। कांग्रेस ने एक बार फिर एनआईटी चौपाटी शिफ्टिंग को बीजेपी नेता राजेश मूणत की जिद और मनमानी बताते हुए इसे जल्दबाजी में लिया गया फैसला बताया।
गौरतलब है कि एनआईटी चौपाटी को हटाये जाने को लेकर पहले ही कांग्रेस हमलावर रही है। आमानाका में चौपाटी शिफ्ट किये जाने के बाद जहां कारोबारी अपने व्यापार को लेकर चिंतित हैं, वहीं कांग्रेस अब भी चैपाटी शिफ्टििंग को लेकर बीजेपी पर लगातार हमलावर बनी हुई है। इसी कड़ी में कल एक बार फिर कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए उसी जगह पर सद्बुद्धि यज्ञ किया, जहां पहले एनआईटी चौपाटी संचालित होती थी।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बीजेपी नेता की जिद की वजह से बिना पूरी तैयारी के चौपाटी को हटाकर कारोबारियों और आम लोगों को परेशानी में डाल दिया गया है। जिसे लेकर आज भी चौपाटी में अपने दुकान संचालित करने वाले कारोबारी काफी परेशान है।
बता दें कि एनआईटी चौपाटी की शिफ्टिंग 21 नवंबर को भारी हंगामे के बीच हुई थी। उस दिन भी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर के सामने बैठकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस और कांग्रेस के बीच झूमाझटकी भी हुई। कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सेंट्रल जेल भेजा गया था। विवादों के बीच दुकानों को तो हटा दिया गया, लेकिन नई जगह पर चैपाटी आज तक पूरी तरह तैयार नहीं हो पाई है।
बीजेपी के इस फैसले के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया। यज्ञ स्थल में बकायदा कांग्रेस नेताओं ने डिप्टी सीएम अरूण साव और बीजेपी विधायक राजेश मूणत की फोटो को हाथों में थामे हवन किया।



