रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार 13 फरवरी को राजधानी रायपुर और सरगुजा जिले के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक में भाग लेंगे। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे वे रायपुर में आयोजित विश्व रेडियो दिवस के राष्ट्रीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
विश्व रेडियो दिवस पर विशेष आयोजन
प्रसार भारती और यूनेस्को द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह की इस वर्ष की थीम रेडियो और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रखी गई है। कार्यक्रम में आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव जैन और यूनेस्को की क्षेत्रीय सलाहकार हज्जाज माले भी उपस्थित रहेंगी। इस अवसर पर राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष संगीत प्रस्तुतियों का डिजिटल विमोचन भी किया जाएगा।
तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का शुभारंभ
रायपुर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री सरगुजा के लिए रवाना होंगे, जहां वे प्रसिद्ध मैनपाट महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ करेंगे। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव के पहले दिन भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी और छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री शाम 5:12 बजे रायपुर वापस लौटेंगे।
बिलासपुर, कोरिया और सारंगढ़ में नई गाइडलाइन दरें लागू
राज्य शासन के निर्देशानुसार बिलासपुर, कोरिया और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में संशोधित गाइडलाइन दरें आज 13 फरवरी से प्रभावी हो गई हैं। केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड द्वारा अनुमोदित इन नई दरों की जानकारी जिला पंजीयन कार्यालयों और आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।
मंत्री विजय शर्मा की प्रेस वार्ता और केदार कश्यप का सहयोग केंद्र दौरा
गृह एवं जेल मंत्री विजय शर्मा आज दोपहर 12:30 बजे नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद में प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे विभाग के विकास कार्यों और आगामी योजनाओं का लेखा-जोखा प्रस्तुत करेंगे। दूसरी ओर, वन मंत्री केदार कश्यप भाजपा प्रदेश मुख्यालय के सहयोग केंद्र में उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे। वित्त मंत्री ओपी चौधरी का पूर्व निर्धारित दौरा उनके असम प्रवास के कारण निरस्त कर दिया गया है।
सदन में उठा किसानों की आत्महत्या का मामला
कांग्रेस सांसद फूलोदेवी नेताम ने राज्यसभा में छत्तीसगढ़ के किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विशेष उल्लेख के माध्यम से किसानों द्वारा की जा रही आत्महत्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से किसानों का पूरा कर्ज माफ करने, पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने और अंतिम किसान तक फसल खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की है।


