रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में छत्तीसगढ़ के दो होनहार अभ्यर्थियों ने शानदार सफलता अर्जित कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले की दर्शना सिंह ने 283वीं रैंक और धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव ने 623वीं रैंक हासिल की है।

MCB जिले के जनकपुर की रहने वाली दर्शना सिंह ने अपनी मेहनत के दम पर 283वीं रैंक हासिल की है, जिससे उनका भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में चयन तय माना जा रहा है। उनके पिता अरुण सिंह राशन दुकान संचालित करते हैं और माता सीमा सिंह नगर पंचायत जनकपुर की भाजपा पार्षद हैं। दर्शना की इस उपलब्धि पर पूरे जिले में जश्न का माहौल है और सामाजिक संगठनों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।

धमतरी जिले के परसवानी गांव के निवासी डायमंड सिंह ध्रुव ने 623वीं रैंक प्राप्त की है। डायमंड वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस में DSP के पद पर कार्यरत हैं। खास बात यह है कि उन्होंने पूर्व में अपने पहले ही प्रयास में CGPSC की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और अब यूपीएससी में सफलता पाकर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है।

See also  48 अधिकारी-कर्मचारियों को जिला कलेक्टर ने जारी किया नोटिस

दोनों ही अभ्यर्थियों ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद निरंतर लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित किया। जहाँ दर्शना सिंह ने सीमित संसाधनों के बीच लगन से तैयारी की, वहीं डायमंड ध्रुव ने नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखी। उनकी इस सफलता पर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।