रायपुर। राजधानी रायपुर में आज राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों की हलचल तेज रहेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विधानसभा के बजट सत्र में सम्मिलित होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे निवास से प्रस्थान कर विधानसभा पहुंचेंगे और दोपहर 3:20 बजे तक सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे।

विधानसभा सत्र का आठवां दिन

बजट सत्र के आठवें दिन आज सदन में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। प्रश्नकाल के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और लखनलाल देवांगन विधायकों के सवालों के जवाब देंगे। ध्यानाकर्षण के तहत विधायक कविता प्राण लहरे आयुष्मान कार्ड और विधायक अनुज शर्मा रासायनिक अपशिष्ट पदार्थों के प्रबंधन का मुद्दा उठाएंगे। साथ ही विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।

अफीम की खेती पर कांग्रेस का हल्लाबोल

अफीम की अवैध खेती के मामले को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर 12 मार्च को प्रदेशव्यापी आंदोलन का एलान किया है। कांग्रेस कार्यकर्ता सभी जिला मुख्यालयों में भाजपा कार्यालयों का घेराव करेंगे। पार्टी ने आरोप लगाया है कि सरकार नशे के कारोबार को रोकने में विफल रही है।

See also  रोजगार गारंटी योजनाः सोशल ऑडिट के दौरान सामने आ रही गड़बड़िया, मूल हितग्राही की जगह किसी अन्य के यहां हो गया काम

रायपुर में सीबीआरएन मॉक ड्रिल आज

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के पाइपलाइन परिसर में आज जिला स्तरीय सीबीआरएन (केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर) मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। आरंग एसडीएम अभिलाषा पैकरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया है।

मदरसा बोर्ड परीक्षाओं का समय-सारणी जारी

छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी पत्राचार परीक्षाओं का टाइम टेबल घोषित कर दिया है। परीक्षाएं 20 अप्रैल से शुरू होकर 4 मई तक चलेंगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है।

व्यापमं परीक्षा के एडमिट कार्ड 16 मार्च से

पर्यावरण संरक्षण मंडल के अंतर्गत प्रयोगशाला सहायक और सेम्पलर पदों के लिए भर्ती परीक्षा 22 मार्च को आयोजित होगी। अभ्यर्थी 16 मार्च से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र पर ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य होगा और गहरे रंग के कपड़ों पर प्रतिबंध रहेगा।

See also  इस इलाके में मवेशियों से भरा ट्रक पकड़ाया, पुलिस को पशु तस्करी की आशंका

13 मार्च को मनेगा पीएम किसान उत्सव दिवस

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 मार्च को गुवाहाटी से किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इससे छत्तीसगढ़ के करीब 24.71 लाख किसानों के खातों में 498.83 करोड़ रुपये पहुंचेंगे। प्रदेश के सभी जिलों में इसे उत्सव के रूप में मनाया जाएगा और कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण होगा।

जनजातीय संस्कृति का संगम आदि परब

नवा रायपुर में 13 और 14 मार्च को आदि परब ‘परम्परा से पहचान तक’ का आयोजन किया जा रहा है। आदिम जाति अनुसंधान संस्थान में होने वाले इस कार्यक्रम में जनजातीय कला, हस्तशिल्प, वेशभूषा और सांस्कृतिक विरासत की भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी।