रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के आगाज से पहले सट्टेबाजी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश जारी किया है। रायपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि “कानून के साथ मत खेलना, वरना मैच के साथ जेल भी देखनी पड़ेगी।”
बता दे कि हर साल आईपीएल के दौरान अवैध सट्टेबाजी का नेटवर्क तेजी से सक्रिय हो जाता है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, फर्जी आईडी और संगठित गिरोहों के जरिए यह कारोबार बड़े पैमाने पर संचालित होता है। हालांकि पुलिस लगातार कार्रवाई करती रही है, लेकिन नेटवर्क की जटिलता के कारण यह पूरी तरह थम नहीं पाता। इस बार पुलिस ने पहले से ही रणनीति बनाकर सट्टेबाजों पर नकेल कसने की तैयारी कर ली है।
कानून की टीम चेज करने में माहिर है
पुलिस कमिश्नरेट ने सोशल मीडिया के जरिए अनोखे अंदाज में चेतावनी जारी की है। क्रिकेट की भाषा का इस्तेमाल करते हुए बताया गया कि “कानून की टीम चेज करने में माहिर है” यानी अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही फर्जी सट्टा आईडी चलाने और इस्तेमाल करने वालों को आगाह किया गया है कि ऐसे नेटवर्क से दूरी बनाए रखें, अन्यथा उनकी “पार्टनरशिप” ज्यादा देर तक नहीं टिकेगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बार तकनीकी निगरानी को और मजबूत किया गया है। साइबर टीमों को सक्रिय कर ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म्स पर विशेष नजर रखी जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी धाराओं में केस दर्ज होगा।
शहरवासियों से भी अपील
शहरवासियों से भी अपील की गई है कि वे लालच में आकर किसी भी प्रकार की सट्टेबाजी में शामिल न हों। ऐसा करना न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि आर्थिक और सामाजिक रूप से भी नुकसानदेह साबित हो सकता है।
आईपीएल के रोमांच के बीच पुलिस का यह संदेश साफ है- खेल का आनंद लें, लेकिन कानून की सीमा में रहकर। नियम तोड़ने वालों के लिए इस बार “आउट” होना तय है, और अगला ठिकाना मैदान नहीं, जेल हो सकता है।



