टीआरपी डेस्क। Stock Market Update : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल के कारण गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 950 अंकों से अधिक टूट गया, जबकि निफ्टी 23,900 के स्तर से नीचे फिसल गया है।

बाजार में बिकवाली

कारोबारी सत्र की शुरुआत होते ही निवेशकों ने भारी बिकवाली शुरू कर दी, जिससे बीएसई सेंसेक्स 959.22 अंक गिरकर 76,537.14 के स्तर पर आ गया। इसी तरह एनएसई निफ्टी में भी 285.66 अंकों की कमजोरी देखी गई। इस गिरावट के पीछे मुख्य कारण ईरान-इजरायल संकट के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य में पैदा हुई अनिश्चितता और विदेशी निवेशकों द्वारा लगातार की जा रही धन निकासी है।

रुपये में ऐतिहासिक गिरावट और विदेशी निवेशकों का रुख

बाजार के साथ-साथ मुद्रा बाजार में भी हड़कंप मचा हुआ है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 95.07 के अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने बुधवार को अकेले 2,468.42 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची है। बाजार में घबराहट का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इंडिया वीआईएक्स (VIX) 4.90 प्रतिशत बढ़कर 18.29 के स्तर पर पहुंच गया है।

See also  भारत में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 96,551 COVID 19 केस, 1209 कोरोनावायरस संक्रमितों की मौत, 225 दिन में 45 लाख का आंकड़ा पार