टीआरपी डेस्क। ओमान के समुद्री रास्ते में तनाव बढ़ गया है। बुधवार को हुए एक बड़े हादसे के ठीक 24 घंटे बाद गुरुवार सुबह एक और कमर्शियल शिप पर हमला हो गया। यह ताजा घटना ओमान के शिनास पोर्ट के पास हुई है। इस बार जिस मालवाहक जहाज को निशाना बनाया गया है, उसका नाम एमटी जलवीर है। घटना के बाद सामने आई कुछ तस्वीरों में इस जहाज को समंदर के बीचों-बीच धू-धू कर जलते हुए देखा जा सकता है। ओमान में मौजूद इंडियन एंबेसी ने इस घटना की पुष्टि की है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर मामले की पूरी जानकारी जुटा रही है।

शिनास पोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें गुरुवार सुबह एक बड़े वेसल यानी मालवाहक जहाज में आग लगने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि जहाज पर यह हमला किसने और किस हथियार से किया है।

See also  IPS Promotion: 5 अधिकारी बने IG और 7 DIG, किसे मिला सलेक्शन ग्रिड, देखिए पूरी लिस्ट…

यह घटना इसलिए भी ज्यादा चिंताजनक है क्योंकि इससे ठीक एक दिन पहले यानी 10 जून को ओमान तट के पास ही सेटेबेलो नाम के एक दूसरे व्यापारिक जहाज पर हमला हुआ था। उस जहाज पर कुल 28 लोग सवार थे, जिनमें से 24 लोग भारतीय नागरिक थे। राहत की बात यह रही कि इंडियन एंबेसी और स्थानीय रेस्क्यू टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 21 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया। लेकिन इस हादसे में लापता हुए तीन भारतीयों में से दो के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि एक नागरिक की तलाश अब भी जारी है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है और ओमान सरकार के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन चला रहा है।

अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी एम्ब्रे के हवाले से खबर आ रही है कि खाड़ी देशों के इस समुद्री इलाके में यह टकराव अमेरिकी और ईरानी ताकतों के बीच बढ़ते तनाव का नतीजा हो सकता है। सुरक्षा एक्सपर्ट्स ने पहले ही इस रूट से गुजरने वाले जहाजों के क्रू मेंबर्स को अलर्ट जारी किया था। उन्हें सलाह दी गई थी कि किसी भी आपातकालीन स्थिति या हमले के दौरान वे जहाज के पिछले हिस्से के बजाय आगे वाले हिस्से में जमा हों ताकि जान-माल का नुकसान कम से कम हो। फिलहाल इस पूरे रूट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

See also  बिग ब्रेकिंग : LAC पर तनाव बढ़ाने वाला चीन अब जापान से भिड़ा, जापानी नौसेना ने ड्रैगन के सबमरीन को खदेड़ा