Chhattisgarh Traditional Food: छत्तीसगढ़ का पारंपरिक व्यंजन फरा अपने स्वाद और पौष्टिकता के लिए जाना जाता है। यह ऐसी डिश है जिसे आप सुबह के नाश्ते में या शाम को हल्के स्नैक्स के रूप में खा सकते हैं। इसका लाजवाब स्वाद बच्चों और बड़ों सभी को बहुत पसंद आता है।
अगर आप घर पर कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए बिल्कुल आसान है। आइए जानते हैं इसे बनाने की विधि.
फरा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1 कप चावल का आटा
2 बड़े चम्मच घी
1 छोटा चम्मच गरम मसाला
2 सूखी लाल मिर्च
1 छोटा चम्मच तिल
0.5 चम्मच जीरा
8 से 10 कड़ी पत्ते
नमक स्वादानुसार
पानी
तलने के लिए तेल
फरा बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में 1 कप चावल का आटा लें। इसमें 2 बड़े चम्मच घी, 1 छोटा चम्मच गरम मसाला और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए मुलायम आटा गूंथ लें। आटे को 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि यह अच्छे से सेट हो जाए।
एक कढ़ाही में पानी उबालने के लिए रखें. अब अपने हाथों पर थोड़ा सा तेल लगाकर गूंथे हुए आटे से छोटे-छोटे बेलन के आकार के टुकड़े बना लें। इन सभी टुकड़ों को उबलते पानी में डालकर 8 से 10 मिनट तक पकाएं। जब ये अच्छी तरह पक जाएं तो इन्हें पानी से बाहर निकाल लें और थोड़ा ठंडा होने दें।
इसके बाद एक दूसरी कढ़ाही में 2 चम्मच तेल गरम करें। इसमें सूखी लाल मिर्च, 1 छोटा चम्मच तिल, 0.5 चम्मच जीरा और 8 से 10 कड़ी पत्ते डालकर तड़का लगाएं। अब इसमें उबले हुए टुकड़ों को डालें और मध्यम आंच पर 3 से 4 मिनट तक फ्राई करें। जब इनका रंग सुनहरा हो जाए तो गैस बंद कर दें। तैयार है आपका गरमा-गरम स्वादिष्ट फरा। अब इसे हरी चटनी के साथ परोसें।


