इंदौर में Instagram Thailand trip booking के नाम पर साइबर ठगीInstagram पर Thailand trip के विज्ञापन के जरिए युवती से करीब 43 हजार रुपये की ठगी का आरोप।
Instagram पर Thailand trip के विज्ञापन के जरिए युवती से करीब 43 हजार रुपये की ठगी का आरोप।

Indore Cyber Fraud: एरोड्रम क्षेत्र की एक युवती को Instagram पर थाईलैंड ट्रिप का विज्ञापन देखकर बुकिंग करना महंगा पड़ गया। आरोप है कि साइबर ठगों ने कम कीमत में फुकेट ट्रिप और IndiGo के साथ कथित कोलैबोरेशन का भरोसा देकर युवती से करीब 43 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।

6 जुलाई को जब युवती इंदौर एयरपोर्ट पहुंची तो टिकट इनवैलिड निकला। इसके बाद आरोपियों के मोबाइल नंबर बंद हो गए। शिकायत के बाद एरोड्रम पुलिस ने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Instagram पर देखा था ट्रिप का विज्ञापन
एरोड्रम पुलिस के अनुसार, पूर्वा सिंह निजी कंपनी में काम करती हैं। उन्होंने Instagram पर ‘द टूरिंग साइट्स’ नाम से थाईलैंड ट्रिप का विज्ञापन देखा था। इसके बाद 19 अप्रैल को उनके WhatsApp पर मैसेज आया। इसमें थाईलैंड ट्रिप की जानकारी और किराए की डिटेल दी गई। पहले बताई गई राशि ज्यादा होने पर पूर्वा ने ट्रिप लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें कम कीमत में ट्रिप का ऑफर दिया।

See also  गजब का चोर… पहले की चोरी फिर पाप धोने महाकुंभ में किया स्नान

36 हजार में फुकेट ट्रिप का झांसा
पूर्वा ने कंपनी से ट्रिप की पूरी जानकारी मांगी। आरोपियों की बातों पर भरोसा कर उन्होंने फुकेट जाने के लिए करीब 36 हजार रुपये में बुकिंग कराने की सहमति दी। कम कीमत को लेकर जब युवती ने सवाल किया तो आरोपियों ने दावा किया कि उनकी कंपनी का IndiGo के साथ कोलैबोरेशन है। इसके बाद भुगतान के लिए लव गुप्ता नाम के व्यक्ति का बैंक अकाउंट दिया गया।

पहले 10,800, फिर 11,200 रुपये लिए
पूर्वा ने 18 मई को दिए गए खाते में 10,800 रुपये ट्रांसफर किए। इसके बदले उन्हें दिल्ली से फुकेट के लिए 6 जुलाई की फ्लाइट का इनवॉइस भेजा गया। बाकी राशि 7 जून को देने की बात कही गई। इसके साथ ही इंदौर से दिल्ली की फ्लाइट का ऑफर भी दिया गया। इसका किराया 11,200 रुपये बताया गया। युवती ने इसका भुगतान भी कर दिया।

दूसरे नंबर से फिर मांगे पैसे
22 जून को पूर्वा ने WhatsApp पर दिए गए नंबर पर कॉल किया, लेकिन संपर्क नहीं हुआ। मैसेज का भी जवाब नहीं मिला। इसके बाद 26 जून को दूसरे नंबर से मैसेज आया। आरोपियों ने बताया कि पुराना नंबर किसी कारण से बंद हो गया है। इसके बाद बाकी भुगतान भी लव गुप्ता के खाते में करने को कहा गया। पूर्वा ने करीब 22,500 रुपये और ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने 3 जुलाई को ट्रिप से जुड़ी सभी जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही।

See also  MP में 3 लाख से अधिक बुजुर्गों की पेंशन रोकी गई, ई-केवाईसी नहीं होने से बढ़ी परेशानी

एयरपोर्ट पहुंची तो टिकट निकला इनवैलिड
3 जुलाई को पूर्वा ने ट्रिप की जानकारी लेने के लिए मैसेज और कॉल किए, लेकिन आरोपियों से संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने कंपनी की ई-मेल आईडी पर भी संपर्क किया। यह ई-मेल आईडी भी गलत निकली। इसके बाद 6 जुलाई को पूर्वा टिकट लेकर इंदौर एयरपोर्ट पहुंचीं। वहां टिकट इनवैलिड बताया गया। इसके बाद उन्होंने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। ठगी का अहसास होने के बाद पूर्वा ने साइबर सेल में शिकायत की। जांच के बाद एरोड्रम पुलिस ने शुक्रवार को शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।